बेगूं में पेयजल व्यवस्था सुधारने को बिछ रही पाइपलाइन, दीपावली तक लक्ष्य
पुराना बस स्टैंड समेत कई मोहल्लों में खुदाई से अस्थायी असुविधा संभव, पीएचईडी ने काम पूरा होने तक शहरवासियों से मांगा सहयोग।
तस्वीर में पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क और आसपास वाहन खड़े दिख रहे हैं।
बेगूं (प्रातःकाल संवाददाता)। शहर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ और सुचारु बनाने के लिए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से विभिन्न मोहल्लों और प्रमुख स्थानों पर नई पाइपलाइन बिछाने का कार्य करवाया जा रहा है। विभाग ने इस कार्य को दीपावली तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
विभाग के अनुसार शहर के पुराना बस स्टैंड, लाल बाई-फूल बाई चौक, कटला चौक, माली मोहल्ला, टोग्या गली, हथाई मोहल्ला, नाहरो की गली, नायकों की गली, बड़ी मस्जिद एवं पिनार पट्टी सहित विभिन्न स्थानों पर पाइपलाइन संबंधी कार्य किया जा रहा है।
पाइपलाइन बिछाने के दौरान सड़क खुदाई और आवागमन के कारण संबंधित क्षेत्रों के लोगों को अस्थायी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। इसे देखते हुए जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने शहरवासियों से सहयोग की अपील की है। विभाग ने आमजन से कार्य के दौरान धैर्य बनाए रखने तथा विभागीय कर्मचारियों और कार्यदायी संस्था के कार्मिकों का सहयोग करने का आग्रह किया है।
विभाग का कहना है कि पाइपलाइन का कार्य पूरा होने के बाद शहर के संबंधित क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था अधिक सुचारु और सुदृढ़ हो सकेगी। दीपावली तक कार्य पूरा करने के लक्ष्य के साथ चल रहा यह काम शहर की पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण रहेगा।