तस्वीर में चित्तौड़गढ़ अर्बन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के कार्यालय में संचालक मंडल की बैठक के दौरान उपस्थित चेयरमैन डॉ. आई. एम. सेठिया और अन्य सदस्य नजर आ रहे हैं।

चित्तौड़गढ़। अरबन को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड के संचालक मंडल की अर्द्धवार्षिक बैठक प्रधान कार्यालय में बैंक चेयरमैन डॉ. आई. एम. सेठिया की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में बैंक के व्यवसाय, ऋण वसूली, एनपीए, ग्राहक सेवा, साइबर सुरक्षा और शाखाओं के संचालन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में दीपावली एवं विजयादशमी के अवसर पर सभी शाखाओं में विशेष ऋण मेला आयोजित करने का निर्णय लिया गया। ऋण मेले में ग्राहकों को कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। प्रधान कार्यालय की विशेष टीम शाखाओं में उपस्थित रहकर ऋण संबंधी प्रकरणों के त्वरित निस्तारण में सहयोग करेगी।

बैंक में ऋण खातों के शत प्रतिशत सत्यापन का विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य बैंक की ऋण गुणवत्ता और वसूली व्यवस्था को और मजबूत करना है। अभियान के तहत बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी ऋणियों तथा गारंटर से व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर ऋण खातों की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त करेंगे। साथ ही बकाया राशि की वसूली के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

अध्यक्ष डॉ. आई. एम. सेठिया ने कहा कि बैंक का उद्देश्य गुणवत्तापूर्ण ऋण वितरण के साथ-साथ समय पर ऋण वसूली सुनिश्चित करना है। उन्होंने नेट एनपीए को शून्य करने की दिशा में विशेष एवं सामूहिक प्रयास करने पर जोर दिया।

बैठक में उपाध्यक्ष वृद्धि चंद कोठारी तथा संचालक मंडल सदस्य दिनेश सिसोदिया, बालकिशन धूत, बाबर मल मीणा, रणजीत सिंह नाहर, कल्याणी दीक्षित, राजेश काबरा, हेमंत शर्मा, नीतेश सेठिया व प्रबंध निदेशक डॉ. वंदना वजीरानी उपस्थित रहे। प्रबंधन मंडल सदस्य आदित्य सेठिया ने प्रबंधन मंडल की चर्चा विषय पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।

रिपोर्ट में बैंक के मासिक व्यवसाय की समीक्षा, ऋण-जमा अनुपात, नकद एवं सांविधिक चलनिधि अनुपात, विभिन्न ऋण प्रस्तावों, ऋण स्वीकृतियों, ऋण खातों के सत्यापन, ग्राहक सेवा एवं शिकायत निवारण, केवाईसी संबंधी कार्यवाही तथा बैंकिंग गतिविधियों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी निर्णय लिए गए।

बैंक प्रबंधन ने आमजन एवं ग्राहकों से अपील की कि दीपावली एवं विजयादशमी के अवसर पर आयोजित ऋण मेले का लाभ उठाएं तथा अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप बैंक की योजनाओं की जानकारी के लिए निकटतम शाखा में सम्पर्क करें।

बैठक में निदेशक रणजीत सिंह नाहर और हेमंत शर्मा के विदेश यात्रा से लौटने पर निदेशक मंडल सदस्यों द्वारा उपरना पहना कर अभिनंदन किया गया। बैठक का संचालन प्रबंध निदेशक वजीरानी द्वारा किया गया। अंत में बैंक उपाध्यक्ष वृद्धि चंद कोठारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

Tags: