तस्वीर में कपासन नगरपालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष सरोज बारेगामा और अन्य महिलाएं स्वागत समारोह के दौरान मंच पर और स्थानीय गार्डन में मौजूद नजर आ रही हैं।   

चित्तौड़गढ़। च्यवनगौड़ ब्राह्मण समाज के मेवाड़ थान की ओर से कपासन नगरपालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष सरोज बारेगामा सहित पार्षद सरस्वती बारेगामा, शान्ति देवी और राजेश बारेगामा का स्थानीय गार्डन में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इससे पूर्व स्थानीय बारेगामा समाज की ओर से नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।

समारोह में अध्यक्ष राधेश्याम जोशी ने कहा कि समाज को यह संदेश देने का प्रयास किया गया है कि राजनीति व्यक्ति को आगे बढ़ने के अवसर तभी देती है, जब उसका समाज उस व्यक्ति के पीछे एकजुट होकर खड़ा हो। समाजसेवी जोशी ने समाज को राजनीतिक रूप से जागृत और एकजुट रहने का आह्वान किया।

युवा अधिवक्ता जोशी ने समाज की शिक्षा व्यवस्था को रोजगारमूलक और गुणवत्तापरक बनाने के साथ समाज को एकजुट होने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. शुभांगी जोशी और भव्य तनय जोशी ने किया।

नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष सरोज बारेगामा ने स्थानीय समाज का आभार व्यक्त किया। उन्होंने दलगत भावना से ऊपर उठकर पालिका क्षेत्र में अपने दायित्व का पूरी क्षमता से निर्वहन करने तथा विधि सम्मत कार्य के लिए समाज सेवा में तत्पर रहने का आश्वासन दिया।

समारोह के दौरान समाज के च्यवन आश्रम की भूमि क्रय करने के लिए नवनिर्वाचित नगरपालिका अध्यक्ष के पति एवं बारेगामा समाज के भामाशाह प्रमोद बारेगामा ने पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। वहीं नवनिर्वाचित पार्षद राजेश बारेगामा ने 51 हजार रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में प्रहलाद जोशी, घनश्याम जोशी, उदयकिशन जोशी, संजय जोशी, बबिता जोशी, पवन शर्मा, विद्यावती जोशी, प्रिति शर्मा, संगीता जोशी और सीमा बारेगामा ने भी विचार रखे। समारोह में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मान के साथ समाज की एकजुटता, राजनीतिक जागरूकता और शिक्षा को लेकर विचार रखे गए।

Tags: