सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में अंतर सदनीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, हमीर हाउस प्रथम
चित्तौड़गढ़ सैनिक स्कूल में अंतर सदनीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में नौ सदनों की टीमों ने भाग लिया। सात राउंड की प्रतियोगिता में हमीर हाउस प्रथम और कुम्भा हाउस द्वितीय रहा।
तस्वीर में सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ के सभागार में विजेता हमीर हाउस की टीम को ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र प्रदान करते हुए मुख्य अतिथि और शिक्षक.
चित्तौड़गढ़। सैनिक स्कूल में अंतर सदनीय प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया एवं उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल ईशा ठकराल के निर्देशन में किया गया। स्कूल के शंकर मेनन सभागार में आयोजित प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि स्कूल के प्राचार्य कर्नल जसरोटिया रहे। मुख्य अतिथि का स्वागत स्कूल के सीनियर मास्टर ओंकार सिंह ने किया।
जनसंपर्क अधिकारी बाबूलाल शिवरान ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य कैडेट्स में ज्ञानवर्धन, बौद्धिक क्षमता और टीमवर्क को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता में स्कूल के कुल नौ सदनों की टीमों ने भाग लिया। प्रत्येक सदन से दो-दो कैडेट्स टीम का हिस्सा रहे। कैडेट्स ने उत्साह के साथ प्रतियोगिता में भाग लेते हुए विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्नों के उत्तर दिए।
प्रतियोगिता में सामान्य ज्ञान, भाषा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, रक्षा, श्रव्य-दृश्य, इतिहास एवं भूगोल तथा रैपिड फायर राउंड सहित कुल सात राउंड आयोजित किए गए। प्रतियोगिता में हमीर हाउस ने प्रथम और कुम्भा हाउस ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
मंच का संचालन प्रतियोगिता के संयोजक बी बी व्यास ने किया, जबकि संगणक का कार्य गणित वरिष्ठ अध्यापक राकेश रामपुरिया ने संभाला।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि ने प्रतिभागी कैडेट्स के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं कैडेट्स के ज्ञान को व्यापक बनाने के साथ-साथ उनमें उत्साह, आत्मविश्वास, त्वरित निर्णय क्षमता और टीम भावना का विकास करती हैं। उन्होंने कहा कि कैडेट्स के सर्वांगीण विकास के लिए केवल शैक्षणिक शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि खेल, प्रश्नोत्तरी, सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उनकी सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है।
मुख्य अतिथि ने विजेता एवं प्रतिभागी कैडेट्स को बधाई देते हुए कहा कि प्रतियोगिताओं में सफलता प्राप्त करना महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है पूरे उत्साह एवं सकारात्मक भावना के साथ भाग लेना। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां कैडेट्स को भविष्य की विभिन्न चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार करती हैं। अंत में मुख्य अतिथि ने विजेता कैडेट्स को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए और विजेता हमीर हाउस की टीम को ट्रॉफी देकर बधाई दी।