काकंरवा : निलोद में विशेष ग्राम सभा, बाल विवाह रोकने का प्रस्ताव पारित
बैठक में महिलाओं ने यादव बस्ती की मूलभूत समस्याएं उठाईं, सचिव ने समाधान का दिया आश्वासन और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी।
तस्वीर में ग्राम पंचायत निलोद भवन के अंदर महिलाएं और ग्रामीण प्रतिनिधि समूह में खड़े दिख रहे हैं।
काकंरवा, 03 अक्टूबर। निलोद ग्राम पंचायत में 2 अक्टूबर को विशेष ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समुदाय की 20 बहुओं और लड़कियों ने भाग लिया। बैठक के दौरान महिलाओं और लड़कियों की शिक्षा, वकालत, सशक्तीकरण तथा बाल विवाह और हिंसा जैसी सामाजिक बुराइयों को खत्म करने को लेकर जानकारी साझा की गई।
विकल्प संस्थान से रीना ने विकल्प संस्थान के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विकल्प संस्थान महिलाओं और लड़कियों की शिक्षा एवं वकालत को लेकर काम कर रहा है। इसके साथ ही महिलाओं को सशक्त बनाने, पुरुषों को संवेदनशील बनाने तथा बाल विवाह और हिंसा जैसी बुराइयों को खत्म करने को लेकर भी जानकारी साझा की गई।
सचिव नरेश मीणा ने बैठक का उद्देश्य और एजेंडा साझा करते हुए ग्राम पंचायत की विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इनमें आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, पेंशन योजना, पालनहार, विवाह पंजीयन प्रपत्र की प्रक्रिया, राशन कार्ड और अन्य दस्तावेजों की प्रक्रिया को लेकर समुदाय के लोगों को जानकारी दी गई।
बैठक में समुदाय की लड़कियों और बहुओं ने यादव बस्ती की समस्याएं भी सामने रखीं। उन्होंने बताया कि समुदाय में नालियां टूटी हुई हैं, सड़क खराब है और रोड लाइट की सुविधा नहीं है। इस पर सचिव नरेश मीणा ने आश्वासन दिया कि इन समस्याओं को कार्ययोजना ग्राम सभा में रखा जाएगा और पंचायत समिति की बैठक के दौरान भी साझा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समुदाय की ओर से रखी जा रही समस्याओं को आगे पहुंचाया जाएगा।
इसी दौरान विकल्प संस्थान से योगेश्वरी सुथार ने बाल विवाह मुक्त पंचायत का प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि 18 वर्ष की लड़की और 21 वर्ष के लड़के की उम्र होने के बाद ही विवाह किया जाए। कम उम्र में बाल विवाह होने पर पंचायत और अन्य हितधारकों की बाल विवाह रोकने में भूमिका रहेगी।
विशेष ग्राम सभा में सचिव नरेश मीणा, विकल्प संस्थान से रीना बंजारा और योगेश्वरी सुथार मौजूद रहे। बैठक में ग्रामीण समुदाय से जुड़ी समस्याओं, पंचायत की योजनाओं की जानकारी और बाल विवाह रोकने के प्रस्ताव को लेकर चर्चा हुई।