देवदा स्कूल के लिए भामाशाह भाइयों की दरियादिली, 51 हजार का कंप्यूटर-प्रिंटर सेट भेंट
देवदा स्कूल में रोशनलाल और मनोहरलाल जाट ने 51 हजार का कंप्यूटर-प्रिंटर सेट भेंट किया, पहले भी भोजन और बर्तन का सहयोग दिया।
तस्वीर में बड़ीसादड़ी के देवदा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में शिक्षक और भामाशाह कंप्यूटर और प्रिंटर के डिब्बे थामे नजर आ रहे हैं।
बड़ीसादड़ी उपखंड के देवदा राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में नंगाखेड़ी निवासी भामाशाह भाई रोशनलाल जाट एवं मनोहरलाल जाट ने शिक्षा के प्रति सेवा भावना का परिचय देते हुए 51 हजार रुपए लागत का कंप्यूटर एवं लेजर प्रिंटर सेट भेंट किया। इस सहयोग से विद्यालय के ऑनलाइन एवं विभागीय कार्यों के साथ विद्यार्थियों के शैक्षणिक कार्यों में भी सुविधा मिलेगी।
संस्था प्रधान पूरणदास वैष्णव ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में किया गया सहयोग समाज के भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। भामाशाह भाइयों का यह सहयोग विद्यालय के लिए उपयोगी होने के साथ ही अन्य सक्षम लोगों को भी शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग के लिए प्रेरित करेगा।
स्वतंत्रता दिवस समारोह के अवसर पर भी रोशनलाल जाट एवं मनोहरलाल जाट ने सेवा भावना का परिचय दिया था। दोनों भाइयों ने विद्यालय में आयोजित समारोह में विद्यार्थियों एवं आगंतुकों सहित 500 से अधिक लोगों के लिए अपनी ओर से भोजन की व्यवस्था की थी।
संस्था प्रधान पूरणदास वैष्णव ने बताया कि दोनों भामाशाह भाई इससे पूर्व भी विद्यालय को 21 हजार रुपए लागत के बर्तन भेंट कर चुके हैं। उन्होंने यह भी घोषणा की है कि राष्ट्रीय पर्वों पर जब भी विद्यालय में विद्यार्थियों के भोजन की व्यवस्था नहीं हो पाएगी, वे विद्यार्थियों के लिए भोजन की व्यवस्था करने के लिए सदैव तैयार रहेंगे।
अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ, विद्यालय शिक्षा राजस्थान के प्रदेश अध्यक्ष रमेश चंद्र पुष्करणा ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में रोशनलाल जाट एवं मनोहरलाल जाट का सहयोग अनुकरणीय है। विद्यालय को कंप्यूटर-प्रिंटर सेट भेंट करना विद्यार्थियों की शैक्षणिक सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय पहल है। ऐसे सेवा कार्य समाज के अन्य सक्षम लोगों को भी शिक्षा के लिए आगे आने की प्रेरणा देते हैं।
विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष उदयलाल सुथार एवं विद्यालय के शिक्षकों ने भामाशाह भाइयों का स्वागत एवं सम्मान कर आभार जताया। इस अवसर पर शिक्षक कमलेश कुमार वैष्णव, संस्था प्रधान पूरणदास वैष्णव, शिक्षिका रुचि दवे, प्रितिका सोलंकी, शिक्षक प्यारेलाल मीना, नरेंद्र सिंह तंवर, रामलक्ष्मण नागर, जगदीश चंद्र सुथार एवं शारीरिक शिक्षक जगदीश शर्मा मौजूद रहे।