नगर पालिका चुनाव: 26 दावेदारों ने लिए आवेदन, 11 निर्दलीय, 6 भाजपा और 9 कांग्रेस के लिए
बेगूं नगर पालिका चुनाव में पहले दिन 26 दावेदारों ने आवेदन पत्र लिए। इनमें 11 निर्दलीय, 6 भाजपा और 9 कांग्रेस के लिए हैं। वार्ड 8, 12 और 13 में दावेदारों की सक्रियता से मुकाबले के संकेत मिले हैं।
तस्वीर में बेगूं नगर पालिका मंडल का कार्यालय भवन दिखाई दे रहा है, जिसके बाहर चुनाव संबंधी गतिविधियों के लिए परिसर स्थित है।
बेगूं में नगर पालिका चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पार्षद पद के लिए आवेदन लेने एवं आवेदन करने के प्रथम दिन उपखंड कार्यालय स्थित निर्वाचन शाखा से कुल 26 दावेदारों ने आवेदन पत्र लिए। इनमें 11 लोगों ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में, 6 लोगों ने भाजपा तथा 9 लोगों ने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में आवेदन पत्र लिए हैं। हालांकि प्रथम दिन एक भी उम्मीदवार ने उपस्थित होकर आवेदन पेश नहीं किया।
आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही विभिन्न वार्डों में दावेदारों की सक्रियता से चुनावी माहौल गरमा गया है। निर्वाचन शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार आवेदन लेने के मामले में सबसे अधिक उत्सुकता वार्ड नंबर 8 को लेकर देखने को मिली, जहां से पांच लोगों ने आवेदन पत्र लिए हैं। इनमें वर्तमान पार्षद प्रतिनिधि रूपेश बैरागी ने बतौर निर्दलीय दो आवेदन पत्र लिए हैं। ऐसे में वार्ड नंबर 8 में चुनावी मुकाबला रोचक होने के आसार हैं।
वार्ड नंबर 12 से वर्तमान पार्षद एतमाद अजमेरी ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में आवेदन पत्र लिया है। इसी वार्ड से मोइनुद्दीन ने भी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में आवेदन लिया। वार्ड 12 में पहले से चल रही राजनीतिक गतिविधियों के बीच दो निर्दलीय दावेदारों के सामने आने से मुकाबला दिलचस्प होने की संभावना जताई जा रही है।
वार्ड नंबर 13 से पूर्व पार्षद सरफराज अंसारी ने भी दो आवेदन पत्र लिए हैं। सरफराज अंसारी वर्तमान में कांग्रेस से जुड़े हुए हैं, लेकिन उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में आवेदन पत्र लिया है। उनके निर्दलीय मैदान में उतरने की संभावना से वार्ड के राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
आवेदन प्रक्रिया के पहले दिन भाजपा और कांग्रेस दोनों ही दलों के कोई बड़े या चर्चित स्थानीय चेहरे आवेदन लेने नहीं पहुंचे। हालांकि कांग्रेस के लिए 9 और भाजपा के लिए 6 आवेदन पत्र लिए गए हैं। वहीं 11 निर्दलीय दावेदारों का आवेदन लेना चुनाव में बागी और निर्दलीय प्रत्याशियों की संभावित भूमिका की ओर संकेत कर रहा है।
उपखंड कार्यालय की निर्वाचन शाखा से प्राप्त प्रथम दिन के आंकड़ों के अनुसार कुल 26 आवेदन पत्र लिए गए हैं। अब आगामी दिनों में नामांकन प्रक्रिया के साथ ही राजनीतिक दलों द्वारा प्रत्याशियों के नाम तय किए जाने के बाद चुनावी तस्वीर और स्पष्ट होगी। फिलहाल वार्ड स्तर पर दावेदारों की सक्रियता और राजनीतिक जोड़-तोड़ तेज हो गई है।