तस्वीर में भान फोर्ट पैलेस रिसोर्ट में आयोजित मातृशक्ति वंदन कार्यक्रम के दौरान महिलाएं अतिथि को रक्षासूत्र बांधती हुई नजर आ रही हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा पखवाड़े के तहत गुरुवार को भान फोर्ट पैलेस रिसोर्ट में मातृशक्ति वंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद सीपी जोशी रहे, जबकि अध्यक्षता विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में प्रवीण सिंह राठौड़, भदेसर निवर्तमान प्रधान सुशीला कंवर और हेमेन्द्र सिंह राणावत उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में चित्तौड़गढ़ विधानसभा क्षेत्र की बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता की। इस दौरान महिलाओं ने सांसद सीपी जोशी और विधायक चंद्रभान सिंह आक्या की कलाई पर रक्षा सूत्र बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते की परंपरा को आत्मीयता के साथ निभाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद सीपी जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार और राज्य सरकार महिलाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने तथा उन्हें आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने के लिए अनेक महत्वपूर्ण पहल कर रही हैं। मातृशक्ति का सम्मान और उनका सशक्तिकरण नए भारत की मजबूत नींव है। प्रधानमंत्री के जन्म दिवस पर सेवा पखवाड़े के माध्यम से समाजसेवा और जनकल्याण का संकल्प लेना सभी के लिए प्रेरणादायी है।

विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता को नई दिशा मिली है। मातृशक्ति परिवार, समाज और राष्ट्र की शक्ति है। समाज और राष्ट्र के विकास में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाओं को आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना तथा उनके सम्मान और स्वाभिमान की रक्षा करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने क्षेत्र की बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के बीच स्नेह, विश्वास, सम्मान और सुरक्षा के संकल्प का प्रतीक है।

कार्यक्रम के दौरान बुजुर्ग महिलाओं को शॉल और उपरना ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर महिलाओं ने सांसद सीपी जोशी, विधायक चंद्रभान सिंह आक्या और अन्य अतिथियों को रक्षासूत्र बांधकर उनके स्वस्थ, सुखी एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। सांसद और विधायक ने भी सभी बहनों को शुभकामनाएं देते हुए उनके सुख-दुख में सदैव साथ खड़े रहने का संकल्प दोहराया।

Tags: