तस्वीर में बड़ी सादड़ी के स्वर्णकार समाज के नोहरे में आयोजित राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के रक्षाबंधन कार्यक्रम में एकत्रित स्वयंसेवक और समाजजन नजर आ रहे हैं।

बड़ी सादड़ी में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से सामाजिक समरसता के पर्व रक्षाबंधन का आयोजन किया गया। रक्षाबंधन के दिन प्रातः 8:00 बजे स्वर्णकार समाज के नोहरे में बड़ी सादड़ी नगर का केंद्रीय कार्यक्रम आयोजित हुआ।

कार्यक्रम में संघ के विभाग कार्यवाह भूरालाल ने बौद्धिक दिया। उपस्थित स्वयंसेवकों एवं समाजजनों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्राचीन काल से हिंदू समाज में रक्षाबंधन पर्व का बड़ा महत्व है। समाज में समरसता का भाव प्रबल रहे और संगठित अवस्था में समाज आगे बढ़ता रहे, इसी उद्देश्य से संघ ने भी इस पर्व को अपने छह उत्सवों में शामिल किया है।

संघ के शताब्दी वर्ष के निमित्त भूरालाल ने समाज में पंच परिवर्तन से संबंधित विषयों और उनकी उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। राष्ट्र की वर्तमान चुनौतियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि राष्ट्र के विरुद्ध चल रहे विभिन्न षड्यंत्रों को पहचानकर उनके निवारण की दिशा में अपनी भूमिका तय करनी होगी। राष्ट्ररक्षा और राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति को अपना योगदान करना होगा।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी स्वयंसेवकों एवं मातृशक्ति ने आपस में एक-दूसरे को राखी बांधकर राष्ट्र रक्षा का संकल्प लिया।

इसी क्रम में मधुबन कॉलोनी, नाकोड़ा नगर, गाड़िया लोहार बस्ती, बागरिया बस्ती, नारजी का खेड़ा, इंदिरा कॉलोनी व अन्य सेवा बस्तियों में भी सामाजिक समरसता के भाव को लेकर रक्षाबंधन के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Tags: