पायरो का खेड़ा में स्वीप टीम की अनूठी पहल, बाल विद्यार्थी रैली और वोट चौपाल से जगाई मतदान की अलख
चित्तौड़गढ़ और सलूंबर जिले की सीमा पर स्थित गांवों में बाल विद्यार्थियों ने निकाली रैली, पंचायत चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान की अपील की।
बड़ी सादड़ी के एक स्कूल में बैठे विद्यार्थियों को स्वीप टीम प्रभारी मतदान के प्रति जागरूक करते दिख रहे हैं।
बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र में आगामी पंचायतीराज चुनावों में शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए स्वीप टीम लगातार नए प्रयोगों के माध्यम से मतदाताओं को जागरूक कर रही है। इसी अभियान के तहत चित्तौड़गढ़ और सलूंबर जिले की सीमा पर स्थित पायरो का खेड़ा, उतरवाडा और नृसिंहपुरा गांवों में बाल विद्यार्थियों की रैली और वोट चौपाल आयोजित कर मतदाताओं को मतदान का संदेश दिया गया।
स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने बताया कि अभियान के तहत अब तक बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र की शत-प्रतिशत ग्राम पंचायतों के मुख्यालयों पर स्थित विद्यालयों सहित दर्जनों अन्य विद्यालयों में विद्यार्थियों के माध्यम से प्रत्यक्ष और परोक्ष रूप से मतदाताओं को जागरूक करने का प्रयास किया जा चुका है। इसके साथ ही विभिन्न गांवों की चौपालों पर रैलियां, विद्यार्थियों की ओर से रंगोली, रोड शो, नुक्कड़ नाटक, निबंध लेखन, वोट चौपाल, पोस्टर प्रतियोगिता, तिरंगा यात्रा, नव मतदाता अभिनंदन, गरबा महोत्सव में जागरूकता अभियान, नवरात्रा में ज्वारा विसर्जन के दौरान मतदान की अपील, यूथ से मतदान की अपील और 'यूथ चला बूथ की ओर' जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इन गतिविधियों के माध्यम से बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र के प्रत्येक गांव और गली में मतदाताओं को आगामी 14 नवंबर 2026 को जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन तथा 16 नवम्बर 2026 को पंच-सरपंच चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने और लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाने का संकल्प दिलाया जा रहा है। स्वीप टीम के अनुसार बड़ी सादड़ी उपखंड क्षेत्र के 160 राजस्व गांवों में मतदान जागरूकता अभियान का संदेश पहुंच चुका है।
इसी क्रम में पायरो का खेड़ा, उतरवाडा और नृसिंहपुरा गांवों में बाल विद्यार्थियों ने रैली निकाली और वोट चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों ने मतदान के लिए प्रेरित करने वाले नारे लगवाए। स्वीप टीम प्रभारी भगवत सिंह शक्तावत ने ग्रामीणों से कहा कि 'आपणों वोट लोकतंत्र रो प्राण है, इसका जरूर दान करो।' उन्होंने 'सुनो रे भाईडा वोट जरूर दिजो' और 'वोट अपनों अधिकार है, वोट देनों अपनों धर्म है' जैसे नारों के माध्यम से मतदान के महत्व को समझाया।
उन्होंने बताया कि जिन युवाओं की उम्र अभी 18 वर्ष हो गई है, उनके नाम संबंधित बूथ लेवल अधिकारी मतदाता सूची में जोड़ रहे हैं। इसलिए कोई भी पात्र युवा मतदाता बनने से वंचित नहीं रहे। इस दौरान 'मत चुके मतदान' का संदेश भी दिया गया।
स्वीप टीम ने प्रवासी मतदाताओं को भी मतदान दिवस पर गांव बुलाने के लिए मनुहार करने की अपील की। ग्रामीणों को समझाया गया कि शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लिए प्रवासी मतदाताओं को मतदान के दिन बुलाना और उन्हें मतदान के लिए प्रेरित करना भी प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
यह जागरूकता अभियान राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह के आदेशानुसार, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. मंजू एवं जिला स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी विनय पाठक के निर्देशन में तथा रिटर्निंग अधिकारी प्रवीण कुमार मीणा के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। अभियान में स्वीप टीम प्रभारी अधिकारी लक्ष्मण लाल मीणा और मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी जगदीश धाकड़ की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। अतिरिक्त विकास अधिकारी खेमराज मीणा के सानिध्य में गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
वहीं, प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया कवरेज के संकलन का कार्य सतपाल धाकड़ पूरी मुस्तैदी से कर रहे हैं। टीम के सहयोगी कैलाश सिंह रावत, शंभू कीर, रामेश्वर मेघवाल और हुसैन अली लगातार समन्वय स्थापित कर स्वीप गतिविधियों के आयोजन में सहयोग दे रहे हैं।
अभियान के तहत गांव-गांव और गली-मोहल्लों में 'वोट हमारी जिम्मेदारी', 'बाई बापू ने केनो है वोट सबने देना है' और 'ना नोट से ना दारू से, वोट देना आत्मा की आवाज से' जैसे नारे गूंज रहे हैं। बाल विद्यार्थियों की रैलियों और वोट चौपालों के जरिए मतदाताओं तक पहुंचाया जा रहा यह संदेश आगामी जिला परिषद, पंचायत समिति और पंच-सरपंच चुनावों में अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के अभियान का हिस्सा है।