आकोला में करवा चौथ पर पूजा-अर्चना के लिए एकत्र हुई सुहागिन महिलाएं।   

पति की लंबी उम्र और सुहाग की सलामती की कामना के साथ आकोला क्षेत्र में गुरुवार को सुहागिन महिलाओं ने करवा चौथ का व्रत रखा। महिलाओं ने दिनभर निर्जला और निराहार रहकर व्रत किया। रात्रि में चंद्रोदय के बाद चांद को अर्घ्य देकर चौथ माता का पूजन किया और पति के हाथों से पानी पीकर व्रत खोला।

करवा चौथ के अवसर पर रात्रि में चांद दिखने से पहले महिलाओं ने समूह में चौथ माता की पूजा-अर्चना की। इस दौरान मिट्टी के करवे में गन्ना, चंवला, बोर, पानी और सुपारी आदि रखकर उसे लाल वस्त्र में बांधा गया। इसके बाद महिलाओं ने चौथ माता की कथा सुनी।

कथा श्रवण के बाद महिलाओं ने चंद्रोदय की प्रतीक्षा की। रात्रि में चांद दिखाई देने पर सुहागिनों ने चंद्रमा की पूजा की और अर्घ्य देकर अपने सुहाग की दीर्घायु की कामना की। पूजा-अर्चना के बाद महिलाओं ने सास और अन्य बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया। इसके बाद पति के हाथों से पानी पीकर व्रत का पारण किया।

करवा चौथ के अवसर पर आकोला में होली चौक, पायक चौक, रंगीला चौक, नीम चौक, अखाड़ा चौक और पुलिया के पास जवाहर नगर सहित विभिन्न स्थानों पर महिलाओं ने पूजा-अर्चना की। इस दौरान सुहागिन महिलाओं ने छलनी में पति के दर्शन कर करवा चौथ की परंपरा निभाई।

Tags: