चित्तौड़गढ़ में जनसंपर्क के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करतीं भाजपा प्रत्याशी सुशीला कंवर।   

चित्तौड़गढ़ में जिला परिषद वार्ड 16 से भाजपा प्रत्याशी और पूर्व प्रधान सुशीला कंवर आक्या ने विभिन्न गांवों में जनसंपर्क कर भाजपा के पक्ष में मतदान की अपील की। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए राजस्थान में डबल इंजन की सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और किसानों के हित में लिए गए निर्णयों का उल्लेख किया।

पूर्व प्रधान सुशीला कंवर ने अपने जनसंपर्क अभियान के तहत ग्राम आसावरा, मगरदा, मिन्नाणा, नपावली, लक्ष्मीपुरा, कीरो का खेड़ा, मेघवालों का खेड़ा, गुलजी का खेड़ा, हापाखेड़ी, भीमलोद, सोमावास, जोगनखेड़ी और खोड़ीप में ग्रामीणों से मुलाकात की। उन्होंने भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि राजस्थान में डबल इंजन की सरकार विकास को प्राथमिकता दे रही है और प्रत्येक क्षेत्र में अनेक विकास कार्य कराए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि किसानों के हित में भी अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार की ओर से कई उपाय किए जा रहे हैं।

जनसंपर्क के दौरान विभिन्न गांवों में ग्रामीणों ने पूर्व प्रधान सुशीला कंवर का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया। वहीं, ग्राम मेघवालों का खेड़ा में भाजपा की रीति-नीति से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर राजेन्द्र सिंह, सुरेश डांगी, छोगा लाल डांगी, कैलाश कीर, कालु गाडरी, सुधीर प्रताप सिंह और हरिओम सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित थे।

Tags: