भरतपुर में सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों के तहत जोड़े को उपहार सौंपते उत्सर्ग वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारी।   

भरतपुर में उत्सर्ग वेलफेयर सोसाइटी ने आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों के विवाह में सहयोग के लिए अनूठी पहल की है। आगामी 20 नवंबर को देवउठनी एकादशी के अवसर पर आयोजित होने वाले सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन की तैयारियों के तहत संस्था ने शामिल होने वाले जोड़ों को मोटरसाइकिल, सोने-चांदी के आभूषण, कपड़े और हाथ की घड़ियां भेंट कीं।

7 नवंबर को आयोजित विशेष कार्यक्रम में संस्था की ओर से विवाह सम्मेलन में शामिल होने वाले जोड़ों को ये उपहार सहयोग स्वरूप प्रदान किए गए। संस्था का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह के खर्च से राहत दिलाना और बेटियों के विवाह को सम्मान एवं खुशियों के साथ संपन्न करवाना है।

संस्था के अध्यक्ष डॉ. राहुल देव (कुरका) ने बताया कि सामूहिक विवाह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में आपसी भाईचारे, समानता और सहयोग की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। संस्था का प्रयास है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी परिवार की बेटी के विवाह में परेशानी नहीं आए।

संस्था के सचिव सुनील कुमार (किशनपुरा) ने बताया कि सम्मेलन को सफल बनाने के लिए तैयारियां लगातार जारी हैं। संस्था अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को इस सामाजिक अभियान से जोड़ने का प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम में प्रेमसिंह किशनपुरा, हुकमसिंह कुरका, योगेश कुरका, रूपसिंह राजपूत, ओमप्रकाश आजादपुरा, राजवीर सिंह, सुभाष, कमलेश, अनीशा सहित संस्था के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

20 नवंबर को आयोजित होने वाला यह सर्वजातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विवाह संबंधी खर्चों में सहयोग उपलब्ध कराने की संस्था की सामाजिक पहल का हिस्सा है।

Tags: