100 साल की उम्र में भी नहीं डगमगाया लोकतंत्र के प्रति जज्बा, व्हीलचेयर पर मतदान करने पहुंचीं कस्तूरी देवी
राजस्थान के बयाना में पंचायत चुनाव के दौरान 100 वर्षीय कस्तूरी देवी व्हीलचेयर के सहारे मतदान केंद्र पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उनकी इस पहल को देखकर मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने उनके जज्बे की सराहना की।
बयाना में पंचायत चुनाव के दौरान व्हीलचेयर पर मतदान करने पहुंचीं 100 वर्षीय कस्तूरी देवी।
राजस्थान के बयाना ग्रामीण क्षेत्र में पंचायत चुनाव के दौरान लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी और मतदान के उत्साह की प्रेरणादायक तस्वीर सामने आई। यहां 100 वर्षीय बुजुर्ग महिला कस्तूरी देवी ने व्हीलचेयर के सहारे मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोकतंत्र के महापर्व में भागीदारी निभाई।
बढ़ती उम्र और चलने-फिरने में असमर्थता के बावजूद कस्तूरी देवी का मतदान के प्रति उत्साह कम नहीं हुआ। वह व्हीलचेयर के सहारे मतदान केंद्र पहुंचीं और अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। मतदान केंद्र पर मौजूद लोगों ने उनके इस जज्बे की सराहना की।
अध्यापक संजीव जांगिड़ एवं देव नारायण ने बताया कि 100 साल की उम्र में भी कस्तूरी देवी के भीतर लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी का जज्बा बरकरार है। उनका मतदान करना इस बात का संदेश देता है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
कस्तूरी देवी की यह तस्वीर पंचायत चुनाव के दौरान मताधिकार के प्रति जागरूकता और लोकतंत्र में नागरिकों की भागीदारी का संदेश दे रही है।