अमेरिका के टेनेसी स्थित सेंट जूड चिल्ड्रन्स रिसर्च हॉस्पिटल में आयोजित होने वाले कैंसर सम्मेलन में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए डॉ. रंगोली श्रीवास्तव (दाएं से दूसरी) नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अपने परिवार के साथ रवाना हुईं।

भरतपुर की असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रंगोली श्रीवास्तव को बच्चों के कैंसर पर अनुसंधान के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित होने वाली कॉन्फ्रेंस में भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित किया गया है। अमेरिका में 10 से 12 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली इस कॉन्फ्रेंस में डॉ. रंगोली श्रीवास्तव अपनी प्रस्तुति देंगी। इस आयोजन के लिए संबंधित संस्था की ओर से भारत से अकेले उनका चयन किया गया है। वह नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से अमेरिका के लिए रवाना हो चुकी हैं।

डॉ. रंगोली श्रीवास्तव एमडीएस और गोल्ड मेडलिस्ट हैं। उन्हें अमेरिका में आयोजित होने वाली नेचर कॉन्फ्रेंस 'एक्सेलरेटिंग पीडियाट्रिक कैंसर इनोवेशन: फ्रॉम रिसर्च टू रियल-वर्ल्ड इम्पैक्ट' (बच्चों के कैंसर में नवाचार को गति देना: अनुसंधान से वास्तविक दुनिया पर प्रभाव तक) में प्रस्तुति देने के लिए चुना गया है। यह सम्मेलन 10 से 12 नवंबर 2026 तक अमेरिका के टेनेसी राज्य के मेम्फिस स्थित सेंट जूड चिल्ड्रन्स रिसर्च हॉस्पिटल के मार्लो थॉमस सेंटर फॉर ग्लोबल एजुकेशन एंड कोलैबोरेशन में आयोजित होगा।

डॉ. रंगोली श्रीवास्तव तिहाड़ जेल सहित अनेक प्रतिष्ठित संस्थानों में मेडिकल कैंप आयोजित कर चुकी हैं। उन्होंने बताया कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर की चौथी कॉन्फ्रेंस में चयनित हुई हैं। उनके अनुसार, अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की बेटी के रूप में पहुंचना उनके लिए सुखद अनुभूति है। अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रबुद्धजनों और विशेषज्ञों के साथ मंच साझा करना उनके लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने बताया कि इस बार उनकी दीपावली विदेश में मनेगी।

शैक्षणिक क्षेत्र में भी डॉ. रंगोली श्रीवास्तव का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा है। उन्होंने स्नातक और परास्नातक दोनों डिग्रियों में अपने बैच में गोल्ड मेडल हासिल किया है। उनकी प्रारंभिक शिक्षा भरतपुर के सेंट पीटर्स स्कूल से शुरू हुई थी।

डॉ. रंगोली के पिता उपेन्द्र कुमार श्रीवास्तव पंजाब नेशनल बैंक, भरतपुर में वित्तीय सलाहकार हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती जूही श्रीवास्तव भरतपुर जिले में अंग्रेजी व्याख्याता हैं। उनके भाई अविरल श्रीवास्तव चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं और भाभी श्रीमती आकांक्षा वित्तीय परामर्शदाता हैं। उनके पति शोभित श्रीवास्तव पेशे से इंजीनियर हैं और भारतीय रेल सेवा से संबंधित विभाग में कार्यरत हैं। ससुर रोहित श्रीवास्तव और सास श्रीमती शर्मिला श्रीवास्तव सहित परिवार के सभी सदस्यों और रिश्तेदारों में उनके अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चयन को लेकर खुशी का माहौल है।

बच्चों के कैंसर से जुड़े अनुसंधान और नवाचार पर केंद्रित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में डॉ. रंगोली श्रीवास्तव का चयन भरतपुर के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि है। वह इस आयोजन में भारत से अकेली चयनित प्रतिनिधि के रूप में अपनी प्रस्तुति देंगी।

Tags: