तस्वीर में उदयपुर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान मंच पर बैठे तीन प्रतिनिधि दिख रहे हैं।

उदयपुर। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से रविवार को उदयपुर में प्रांतीय प्रबंध समिति सम्मेलन को लेकर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें विद्या भारती राजस्थान के क्षेत्र प्रचार प्रमुख नवीन कुमार ने संस्था की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी।

नवीन कुमार ने कहा कि विद्या भारती देश का सबसे बड़ा गैर-सरकारी शिक्षा संस्थान है, जो भारतीय जीवन-मूल्यों, संस्कृति, संस्कार, राष्ट्रीयता और राष्ट्रभक्ति को शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्यरत है। उन्होंने बताया कि विद्या भारती की शैक्षिक यात्रा वर्ष 1952 में उत्तर प्रदेश के गोरखपुर से शुरू हुई थी। वर्तमान में संस्था देश के विभिन्न राज्यों एवं क्षेत्रों में विद्यालयों तथा अनौपचारिक शिक्षा केंद्रों के माध्यम से शिक्षा का कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत के अंतर्गत बांसवाड़ा, डूंगरपुर, उदयपुर, राजसमंद, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर, कोटा, बूंदी, झालावाड़ और बारां सहित क्षेत्रों में जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों तक शिक्षा और संस्कार पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। प्रांत में वर्तमान में 38 प्राथमिक, 85 उच्च प्राथमिक, 76 माध्यमिक तथा 35 उच्च माध्यमिक विद्यालय संचालित हैं। इनके माध्यम से हजारों विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार प्रदान किए जा रहे हैं।

पत्रकार वार्ता में शिक्षा, योग, संगीत, संस्कृत, नैतिक एवं आध्यात्मिक शिक्षा जैसी गतिविधियों को विशेष रूप से बढ़ावा देने की जानकारी दी गई। इस अवसर पर ‘सप्तशक्ति संगम कार्यक्रम’ सहित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी भी दी गई। वहीं 25 सितंबर 2026 को आयोजित ‘वंदे मातरम्’ कार्यक्रम में देशभर में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की सहभागिता का उल्लेख किया गया।

नवीन कुमार ने संस्कृत शिक्षा, इंग्लिश मीडियम शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट एवं युवा पीढ़ी में बढ़ती नशे एवं मोबाइल की लत पर विस्तार से विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भारत की भावी पीढ़ी को जागरूक करने का काम विद्या भारती कर रही है।

जिला सचिव कालू लाल चौबीस ने बताया कि विद्या भारती चित्तौड़ प्रांत की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता की विषय प्रस्तावना सह प्रांत प्रचार प्रमुख राजेंद्र कुमार शर्मा ने रखी तथा आभार प्रांत सचिव मानेंगे पटेल ने व्यक्त किया।

Tags: