बारां के डोल मेले में गूंजा हनुमान चालीसा और सुंदरकांड, नई धार्मिक परिपाटी शुरू
बारां के ऐतिहासिक डोल मेला रंगमंच पर शुक्रवार रात हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का संगीतमय पाठ हुआ। नई धार्मिक परिपाटी की शुरुआत के साथ हर वर्ष आयोजन की घोषणा की गई। रविवार को कव्वाली कार्यक्रम होगा।
तस्वीर में बारां के ऐतिहासिक डोल मेले के दौरान एक वक्ता मंच से माइक पर संबोधित करते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि उनके साथ भगवान हनुमान के स्वरूप में एक कलाकार और अन्य लोग भी मौजूद हैं।
बारां। ऐतिहासिक डोल मेला रंगमंच पर शुक्रवार रात नगर परिषद की ओर से नई धार्मिक परिपाटी की शुरुआत करते हुए हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का संगीतमय पाठ आयोजित किया गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु कार्यक्रम में पहुंचे। देर रात तक चले आयोजन में पूरा पंडाल श्रीराम और पवनपुत्र हनुमान के जयकारों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वंदना और रामायण वंदना से हुई। इसके बाद महाकाल मंडल के ऑर्गनाइजर देवेन्द्र महाकाल ने संगीतमय अंदाज में हनुमान चालीसा का पाठ किया। भक्ति की स्वर लहरियों के बीच श्रोता भाव-विभोर नजर आए। एसपी मंडोला और तेजकरण ने भी चौपाइयों की प्रस्तुति दी, जिससे आयोजन का वातावरण और भक्तिमय हो गया।
हनुमान चालीसा के दौरान श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम और पवनपुत्र हनुमान की जय के उद्घोष किए। कलाकारों पर पुष्प वर्षा की गई। भक्ति में डूबे कई श्रद्धालु अपनी जगह पर खड़े होकर झूमते और नृत्य करते नजर आए।
कार्यक्रम में श्री महावीर कला मंडल संस्थान बारां की ओर से सजाया गया भगवान हनुमान का जीवंत स्वरूप विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। हनुमानजी के स्वरूप ने मंचीय प्रस्तुति में विशेष आकर्षण जोड़ा। करीब ढाई घंटे तक सुंदरकांड का संगीतमय वाचन अनवरत चलता रहा। इस दौरान बार-बार पुष्प वर्षा होती रही और पंडाल का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
थर्ड फ्रंट सुप्रीमो कमल राठौर ने कार्यक्रम के दौरान जन समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि शहर के प्रसिद्ध डोल मेले के इतिहास में इस वर्ष नई धार्मिक एवं सामाजिक परिपाटी की शुरुआत की जा रही है। नगर परिषद के नए बोर्ड ने निर्णय लिया है कि अब हर वर्ष डोल मेले में बालाजी महाराज के प्रति श्रद्धा से जुड़े धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
राठौर ने कहा कि नया बोर्ड शहरवासियों की जनभावनाओं के अनुरूप तथा शहर और जनहित को प्राथमिकता देते हुए कार्य करेगा। नया बोर्ड सभी धर्मों का समान रूप से सम्मान करते हुए सामाजिक और धार्मिक समरसता की भावना को मजबूत करने को प्राथमिकता देगा। मेले में बेहतर व्यवस्थाओं के साथ सद्भावना और सामाजिक समरसता का वातावरण बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
डोल मेला रंगमंच के मीडिया प्रभारी लक्ष्मण वर्मा सागर ने बताया कि इस अवसर पर डोल मेला अध्यक्ष नीरज नागर ने सभी कलाकारों के साथ थर्ड फ्रंट सुप्रीमो कमल राठौर, उपसभापति तेजस सुमन, पार्षद प्रतिनिधि रविन्द्र गोस्वामी तथा श्री महावीर कला मंडल संस्थान के अध्यक्ष योगेश गुप्ता सहित मंडल के सभी सदस्यों का माल्यार्पण कर स्वागत किया।
डोल मेला अध्यक्ष नीरज नागर ने बताया कि रविवार रात डोल मेला रंगमंच पर भव्य कव्वाली कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के जाने-माने कव्वाल इमरान वारसी और शोशनी वारसी प्रस्तुति देंगे। उन्होंने शहरवासियों और मेलार्थियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की।