तस्वीर में बाएं से दाएं: कामखेड़ा धाम और कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान माइक पर संबोधित करते हुए वक्ता, मध्य में बोलते हुए नरेश मीणा और दाएं हाथ उठाकर किसानों को संबोधित करते हुए नेता.   

बारां जिले में गहराते खाद संकट को लेकर शुक्रवार को सैकड़ों किसानों ने भगत सिंह सेना के नेता नरेश मीणा के नेतृत्व में जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पर प्रदर्शन किया। जिलेभर से पहुंचे किसानों ने खाद की पर्याप्त आपूर्ति की मांग को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन से पहले कामखेड़ा धाम से किसानों की दुपहिया वाहन रैली शुरू हुई। इसमें पूर्व मंत्री राजेंद्र गुड़ा, नगर परिषद के पूर्व सभापति कमल राठौर, किशनगंज के उप प्रधान संदीप शर्मा, रामहेत मीणा सहित बड़ी संख्या में किसान और युवा शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान स्थानीय लोगों की तुलना में बाहरी लोगों की संख्या अधिक दिखाई दी। कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पूरा जिला कलेक्टर कार्यालय परिसर पुलिस छावनी बना हुआ दिखाई दिया।

प्रदर्शन के दौरान अटरू की पूर्व प्रधान श्रीमती वंदना नगर ने कांग्रेस पार्टी छोड़कर नरेश मीणा का समर्थन करने की घोषणा की। इस अवसर पर नरेश मीणा ने उन्हें बारां पंचायत समिति से प्रधान का उम्मीदवार घोषित किया।

कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित प्रदर्शन को किसान नेता नरेश मीणा, नगर परिषद के पूर्व सभापति कमल राठौर, पूर्व उप प्रधान संदीप शर्मा सहित कई वक्ताओं ने संबोधित किया। खाद की पर्याप्त आपूर्ति को लेकर किसानों का यह प्रदर्शन जिले में खाद संकट के मुद्दे को लेकर आयोजित किया गया।

Tags: