तस्वीर में रोटरी क्लब बारां और लटूर जी मावा वाले सेवा सदन के पदाधिकारी एवं सदस्य एक जरूरतमंद कारीगर को रोजगार बढ़ाने के लिए निःशुल्क रबिंग मशीन भेंट करते हुए नजर आ रहे हैं।

बारां। कोटा रोड पर कारों की डेंटिंग-पेंटिंग एवं बॉडी रिपेयरिंग का काम कर रहे जरूरतमंद युवा कारीगर की वर्कशॉप को रोटरी क्लब बारां एवं लटूर जी मावा वाले सेवा सदन ने निःशुल्क रबिंग मशीन भेंट कर रोजगार को गति देने का प्रयास किया। संबंधित युवा ने लोन लेकर परिवार के भरण-पोषण के लिए वर्कशॉप शुरू की थी, लेकिन आवश्यक आधुनिक मशीनों और औजारों के अभाव में काम अधूरा पड़ा था और अपेक्षित आमदनी नहीं हो पा रही थी।

कारीगर ने सहायता के लिए सेवा सदन और रोटरी टीम से संपर्क किया। इसके बाद पदाधिकारियों ने उसकी पारिवारिक स्थिति, आय के साधनों और वास्तविक आवश्यकताओं का पारदर्शी आकलन किया और तत्काल सहायता उपलब्ध कराने का निर्णय लिया।

रोटरी क्लब बारां के अध्यक्ष रोटे० जितेन्द्र कुमार गुप्ता और सचिव रोटे० महेश तिवारी वर्कशॉप पहुंचे और वहां चल रहे कार्य की स्थिति जानी। सचिव महेश तिवारी ने बताया कि संबंधित व्यक्ति लगन से कार डेंटिंग-पेंटिंग का काम कर रहा है। काम की गुणवत्ता और गति बढ़ाने के लिए रबिंग मशीन की अत्यंत आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि किसी जरूरतमंद को केवल अस्थायी आर्थिक मदद देने के बजाय उसके रोजगार के साधनों को मजबूत बनाना ही सच्चा एवं स्थायी सहयोग है।

लटूर जी मावा वाले सेवा सदन के प्रतिनिधि दिनेश खेतान ने कहा कि सेवा सदन का सदैव यही ध्येय रहता है कि मेहनत-मजदूरी कर रहे व्यक्तियों को आत्मनिर्भर बनाया जाए। जब कामकाजी व्यक्ति के हाथ में रोजगार के सही साधन होते हैं, तो न केवल उसका काम बढ़ता है, बल्कि उसके पूरे परिवार का भविष्य भी सुरक्षित और मजबूत होता है।

इस अवसर पर रोटरी क्लब एवं सेवा सदन की ओर से रोटे० जितेन्द्र कुमार गुप्ता, रोटे० महेश तिवारी, दिनेश खेतान, कपिल सोनी, अर्पित शर्मा, महेश कुमार, रवि गुप्ता, हेमलता गुप्ता, मनोज ओझा, रमाकांत गुप्ता एवं हर्षिता पारीक विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने कारीगर का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

Tags: