बारां: महाराजा अग्रसेन समिति ने 129 प्रतिभाओं और पत्रकारों को किया सम्मानित
अग्रवाल समाज के प्रतिभा सम्मान समारोह में शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र के उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को स्मृति चिह्न व प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
बारां में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह के मंच पर स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र प्रदान करते अतिथि।
बारां में महाराजा अग्रसेन अधिकारी कर्मचारी समिति की ओर से रविवार शाम द्वितीय प्रतिभावान विद्यार्थी एवं समाज में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाजबंधुओं के सम्मान में प्रतिभा समारोह आयोजित किया गया। समारोह में शिक्षा, चिकित्सा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने वाली 129 प्रतिभाओं का सम्मान किया गया। साथ ही समाज के वरिष्ठ नागरिकों, समाजहित चिंतकों और पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष आनंद गर्ग ने कहा कि अग्रवाल समाज ने व्यापार हो या देश सेवा, हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। समाज के लिए सच्चे मन से किया गया कार्य आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करता है। समाज में हर व्यक्ति को समानता का अधिकार है। वर्तमान समय में सामाजिक एवं राजनीतिक चिंतन समाज के लिए होना चाहिए। उन्होंने सामाजिक एकता पर बल देते हुए समाजवाद पर भी विचार व्यक्त किए। उन्होंने आयोजन की भव्यता के लिए समिति सदस्यों की सराहना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे कर्मचारी संगठन के जिलाध्यक्ष बृजमोहन गोयल ने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से अधिक से अधिक समाजबंधुओं से जिला स्तर पर समाज की सदस्यता ग्रहण कर संगठन में भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया।
सम्मान समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में वैष्णव अग्रवाल पंचायत अध्यक्ष सुरेन्द्र गुप्ता, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के संरक्षक वैध राधेश्याम गर्ग, जिलाध्यक्ष अशोक गर्ग, अग्रसेन शिक्षा सेवा समिति के कोटा जिलाध्यक्ष महेंद्र गर्ग, बारां केंद्रीय सहकारी बैंक के एमडी सौमित्र मंगल, पूर्व उप सभापति नरेश गोयल पैंतरा और समाजसेवी महेंद्र गोयल मौजूद रहे। सभी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए समाज के लोगों का मार्गदर्शन किया।
इससे पूर्व सभी अतिथियों ने महाराजा अग्रसेन समाज की कुलदेवी लक्ष्मी की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की। जिला अध्यक्ष बृजमोहन गोयल की अगुवाई में महामंत्री वीरेन्द्र कुमार गोयल सहित सभी समिति पदाधिकारियों ने अतिथियों का माल्यार्पण कर स्मृति चिन्ह भेंट किए और स्वागत एवं सम्मान किया। महिला टीम ने स्वागत गान के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया।
अतिथियों की मौजूदगी में शिक्षा, चिकित्सा सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाली 129 प्रतिभाओं को मोती की माला पहनाकर स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं समाज के वरिष्ठ नागरिकों, समाज के हित चिंतकों और पत्रकारों का भी सम्मान किया गया।
इस दौरान जिले भर की 16 समाज की पंचायतों और ग्रामीण क्षेत्रों से आए दर्जनों समाजबंधुओं, समाज के अध्यक्षों तथा वरिष्ठजनों का भी सम्मान किया गया। जिला अध्यक्ष बृजमोहन गोयल ने बताया कि सम्मान समारोह में जिले के 28 भामाशाहों ने सहयोग किया।
कार्यक्रम में जिला मुख्यालय सहित जिले के छबड़ा, छीपाबड़ौद, कवाई, सालपुरा, अटरू, अंता, नाहरगढ़, भंवरगढ़, केलवाड़ा, समरानियां, शाहाबाद, देवरी, कस्बाथाना और सीसवाली क्षेत्र से बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठजनों ने भागीदारी निभाई।
अंत में जिला अध्यक्ष गोयल के नेतृत्व में अध्यक्षीय उद्बोधन, धन्यवाद एवं राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती शालिनी बंसल, वीरेंद्र कुमार गोयल, तरुण मित्तल और सुनील कुमार गुप्ता ने किया।