तस्वीर में खेल संकुल बारां के मैदान पर हॉकी स्टिक थामे खिलाड़ी अभ्यास और मुकाबला करते हुए नजर आ रहे हैं।

हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्मदिवस और राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर खेल संकुल बारां में शनिवार को विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का शुभारंभ किया गया। आयोजन के दौरान वॉलीबॉल और हॉकी के मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

जिला खेल अधिकारी विशाल सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शनिवार को दोपहर 3 बजे प्रदर्शनी वॉलीबॉल मैच आयोजित किया गया। इसमें सीनियर खिलाड़ियों की टीम ने यंग इलेवन को हराया। इसके बाद शिवाजी स्पोर्ट्स बारां और बामला के बीच हॉकी का रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसमें शिवाजी स्पोर्ट्स ने बामला को 1-0 के अंतर से शिकस्त दी।

खेल अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इन मैचों में लगभग 50 से 60 खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के समापन समारोह का आयोजन हॉकी बारां अध्यक्ष सतेन्द्र शर्मा के आतिथ्य में किया गया। समारोह की शुरुआत सभी खिलाड़ियों द्वारा मेजर ध्यानचंद के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई।

इस दौरान खिलाड़ियों को मेजर ध्यानचंद की जीवन शैली, उनके खेल कौशल और देशप्रेम के बारे में अवगत कराया गया। कार्यक्रम में बताया गया कि मेजर ध्यानचंद के नेतृत्व में भारत ने सन 1928, 1932 और 1936 के ओलंपिक में हॉकी खेल में स्वर्ण पदक जीते थे। उनकी स्टीक वर्क एवं खेल भावना को देखते हुए उन्हें हॉकी जादूगर की उपाधि प्रदान की गई थी। भारत सरकार द्वारा उन्हें पद्म भूषण पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।

पूरे आयोजन में मनीष मीना, नरेश नागर, लोकेश नागर, नरेंद्र बैरवा, देवेश सोनी सहित सभी खिलाड़ियों का विशेष सहयोग रहा। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से खेल संकुल बारां में हॉकी और वॉलीबॉल के मुकाबलों में खिलाड़ियों की भागीदारी देखने को मिली।

Tags: