रक्षाबंधन पर बहनों ने अधिकारियों-कर्मचारियों को बांधी राखी, नशामुक्ति का दिलाया संकल्प
अटरू में रक्षाबंधन पर आदर्श विद्या मंदिर की बहनों ने अधिकारियों-कर्मचारियों को राखी बांधी और ब्रह्म कुमारी बहनों ने नशामुक्ति का संकल्प दिलाया।
तस्वीर में आदर्श विद्या मंदिर की छात्राएं अटरू के एक कार्यालय में प्रशासनिक अधिकारी को राखी बांधती हुई नजर आ रही हैं।
रक्षाबंधन के पावन पर्व पर विद्या भारती द्वारा संचालित आदर्श विद्या मंदिर उच्च प्राथमिक विद्यालय, अटरू की बहनों ने सामाजिक समरसता, भाईचारे, प्रेम और राष्ट्रभावना का संदेश देते हुए विभिन्न कार्यालयों में पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राखी बांधी।
विद्यालय की बहनें थाना अटरू, पंचायत समिति अटरू, रेलवे स्टेशन अटरू, विभिन्न बैंक शाखाओं एवं अन्य प्रशासनिक कार्यालयों में पहुंचीं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कलाई पर राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर बहनों ने सभी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु एवं सुख-समृद्धि की मंगलकामना की।
इस दौरान विद्यालय की बहनों ने प्रेम, अपनत्व और सामाजिक उत्तरदायित्व का भाव प्रस्तुत किया। रक्षाबंधन के माध्यम से उन्होंने समाज में भाईचारे और परस्पर विश्वास का संदेश भी दिया।
प्रधानाचार्य सत्यनारायण पांचाल ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्या भारती के संस्कार आधारित शिक्षा के उद्देश्य के अनुरूप ऐसे पर्व विद्यार्थियों में प्रेम, सेवा, सामाजिक समरसता, कर्तव्यबोध एवं राष्ट्रभावना विकसित करने का माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व ही नहीं, बल्कि समाज में परस्पर विश्वास, सुरक्षा और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने वाला पर्व है।
इस अवसर पर विद्यालय परिवार ने सभी को रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। इस दौरान ब्रह्म कुमारी की बहनों द्वारा नशामुक्ति का संकल्प भी करवाया गया।