तस्वीर में बारां के कोटा रोड स्थित पार्क में ब्राह्मण कल्याण परिषद के सदस्य पौधे और ट्री गार्ड के पास खड़े नजर आ रहे हैं।

बारां में ब्राह्मण कल्याण परिषद ने रक्षाबंधन पर पर्यावरण संरक्षण की अनूठी पहल की। कोटा रोड स्थित बसंत विहार कॉलोनी में 12 ज्योतिर्लिंग मंदिर के पास बने पार्क में पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम के दौरान सीताराम शर्मा व यशोदा कुमारी शर्मा द्वारा पिछले पांच वर्षों से लगातार देखभाल कर तैयार किए गए वट (बरगद) और पीपल के पौधों को पार्क में रोपित किया गया था। इन पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके संरक्षण का संदेश दिया गया।

पौधों की सुरक्षा के लिए ब्राह्मण कल्याण परिषद के जिला प्रभारी भगवान शर्मा और देहात अध्यक्ष महेंद्र शर्मा द्वारा ट्री गार्ड की व्यवस्था की गई। आयोजन को सफल बनाने में मीडिया प्रभारी देवेन्द्र तिवारी, मुकेश शर्मा, खेमराज शर्मा और घनश्याम सुमन का विशेष सहयोग रहा।

पौधों की नियमित देखरेख और पानी देने की जिम्मेदारी पड़ोस में रहने वाले वैद्य कांतिलाल गौतम, व्याख्याता राम उपाध्याय, वरिष्ठ अध्यापक बुद्धी शर्मा, पार्क समिति अध्यक्ष देवकीनंदन विजयवर्गीय और पूर्व ए.डी. रामपाल मीणा को सौंपी गई है।

इस अवसर पर गायत्री परिवार के जिला संयोजक चंद्रप्रकाश सांखला एवं समाजसेवी चेतन कुमरा ने अमृता देवी और खेजड़ी के बलिदान का संस्मरण सुनाया। साथ ही उपस्थित लोगों को पेड़ों की रक्षा करने का संकल्प दिलाया गया। रक्षाबंधन पर आयोजित इस पहल के माध्यम से पेड़ों के संरक्षण को रक्षा सूत्र के भाव से जोड़ते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

Tags: