बारां के अंता क्षेत्र में जर्जर स्कूल भवन और शिक्षकों की कमी को लेकर पूर्व मंत्री और विधायक प्रमोद जैन भाया ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर नए निर्माण की मांग की।

बारां। अन्ता विधानसभा क्षेत्र के मांगरोल तहसील के ग्राम कूण्डला स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की बदहाल स्थिति को लेकर विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रमोद जैन ‘भाया’ ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र लिखकर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। विद्यालय में कक्षा 1 से 12वीं तक करीब 250 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं, लेकिन उनके लिए मात्र तीन कमरे उपलब्ध हैं और वे भी अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं। विद्यालय में केवल छह शिक्षक कार्यरत हैं।

विधायक भाया ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि विद्यालय भवन की छत एवं अन्य हिस्सों से बारिश के दौरान पानी टपकता है। भवन की स्थिति ऐसी है कि कभी भी गंभीर हादसा हो सकता है। लगभग 250 विद्यार्थियों के लिए तीन कमरों के अलावा विद्यालय में पर्याप्त कक्ष-कक्ष, खेल मैदान और अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। शौचालयों की स्थिति खराब है तथा उनमें पानी भरा रहने से विद्यार्थियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

विधायक भाया ने कहा कि विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में विद्यालय में शिक्षकों की भारी कमी है। विशेष रूप से कला संकाय में व्याख्याता का पद लंबे समय से रिक्त है तथा अन्य आवश्यक शिक्षक पद भी खाली हैं। मात्र छह शिक्षकों के भरोसे कक्षा 1 से 12वीं तक की पढ़ाई संचालित होना विद्यार्थियों के भविष्य के साथ न्याय नहीं है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की कमी का सीधा असर विद्यार्थियों की पढ़ाई और शैक्षणिक गुणवत्ता पर पड़ रहा है तथा ग्रामीणों और अभिभावकों में इसे लेकर गहरी नाराजगी है।

मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में भाया ने 25 जुलाई 2025 को झालावाड़ जिले के मनोहरथाना क्षेत्र के ग्राम पिपलोदी में जर्जर विद्यालय भवन गिरने से हुई दुखद घटना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ऐसी दर्दनाक घटना के बाद भी यदि जर्जर विद्यालय भवनों की समय रहते मरम्मत या पुनर्निर्माण नहीं किया गया तो भविष्य में किसी बड़ी अनहोनी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। भाया ने कहा, “बच्चों की सुरक्षा से बड़ा कोई विषय नहीं है। किसी अप्रिय घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते ठोस और प्रभावी कार्रवाई करना आवश्यक है।”

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्राम कूण्डला के ग्रामीणों एवं अभिभावकों ने भी विद्यालय की बदहाल स्थिति, शिक्षकों की कमी और मूलभूत सुविधाओं के अभाव को लेकर नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि एक ओर विकास की बातें की जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर गांव के बच्चों को सुरक्षित विद्यालय भवन और पर्याप्त शिक्षक तक उपलब्ध नहीं हैं।

विधायक प्रमोद जैन ‘भाया’ ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि विद्यालय भवन का तत्काल तकनीकी निरीक्षण करवाकर विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। जर्जर भवन के स्थान पर नवीन एवं पर्याप्त क्षमता वाले विद्यालय भवन का शीघ्र निर्माण करवाया जाए तथा कक्षा 1 से 12वीं तक विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप पर्याप्त कक्ष-कक्षों की व्यवस्था की जाए। उन्होंने कला संकाय सहित सभी रिक्त शिक्षक एवं व्याख्याता पदों को प्राथमिकता से भरने, सुरक्षित शौचालय, पेयजल, विद्युत, खेल मैदान सहित सभी आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और नवीन भवन बनने तक विद्यार्थियों के लिए किसी सुरक्षित वैकल्पिक भवन में पढ़ाई की व्यवस्था करने की मांग की है।

विधायक भाया ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि ग्राम कूण्डला के विद्यालय की गंभीर स्थिति को देखते हुए संबंधित शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन को तत्काल आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं, ताकि नवीन भवन निर्माण एवं रिक्त पदों को भरने की कार्रवाई सुनिश्चित हो सके। जर्जर भवन, सीमित कक्ष और शिक्षकों की कमी के बीच विद्यालय में पढ़ रहे 250 विद्यार्थियों की सुरक्षा और शिक्षा व्यवस्था को लेकर अब तत्काल प्रशासनिक कार्रवाई की मांग सामने आई है।

Tags: