पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित पौधरोपण अभियान के दौरान मैदान में एकत्रित होकर पौधे लगाते युवा और बच्चे।

बारां। श्रीराधा गोविंद स्मृति सेवा संस्थान, बारां की ओर से जारी वृक्षारोपण अभियान के तहत राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय समसपुर परिसर में सघन वृक्षारोपण किया गया। अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और घटते वन क्षेत्र को बचाने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में संस्थान के मुकेश सोनी ने कहा कि मानव जीवन पर प्रकृति का जो उपकार और ऋण है, उसे अधिक से अधिक पेड़ लगाकर ही चुकाया जा सकता है। उन्होंने भौतिकता की अंधी दौड़ में सिमटते जंगलों और घटते वन क्षेत्र पर चिंता जताई। साथ ही बीजारोपण से लेकर पौधों की देखभाल तक की तकनीक साझा करते हुए सभी से वनों के संरक्षण का आह्वान किया।

मुकेश सोनी ने कहा कि आने वाले समय में हरीतिमा और शुद्ध वायु समाज के लिए महज कागजी शब्द रह जाएंगे। आने वाली पीढ़ी के भविष्य और संपूर्ण विश्व की मानवता के लिए आज वृक्षारोपण नितांत आवश्यक है।

संस्थान के कपिल सोनी एवं हिमांशु सोनी ने बताया कि विद्यालय परिसर में पीपल, नीम, करंज, गुलमोहर, पारिजात, गूलर, आम, जामुन, आंवला और सागवान सहित विभिन्न फलदार, फूलदार व छायादार पौधे रोपे गए। साथ ही इन पौधों को सुरक्षित रखने और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।

मनोहर नागर ने बताया कि अभियान में राकेश मित्तल, कपिल सोनी (अंशु), तरुण मित्तल, हिमांशु सोनी, अभिषेक सोनी, कमल मीणा, ललित, अनुराग, पवन, आजाद, निखिल और प्रदीप मीणा सहित कई पर्यावरण प्रेमियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यक्रम के अंत में संस्थान की ओर से सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया। पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी के साथ अभियान ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

Tags: