तस्वीर में जिला निर्वाचन अधिकारी बालमुकुंद असावा और अन्य अधिकारी सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय में स्थित मीडिया सेंटर का निरीक्षण करते हुए नजर आ रहे हैं।

बारां में नगर निकाय चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही पहले दिन तीन नगर निकाय क्षेत्रों में नौ अभ्यर्थियों ने कुल नौ नामांकन पत्र दाखिल किए। इसी बीच जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर बालमुकुंद असावा ने चुनाव को स्वतंत्र, निष्पक्ष और भयमुक्त तरीके से संपन्न कराने के लिए मीडिया के सभी माध्यमों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पैड न्यूज, भ्रामक खबरों, आचार संहिता के उल्लंघन और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से तैयार डीपफेक वीडियो व इमेज के मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिला निर्वाचन अधिकारी बालमुकुंद असावा ने गुरुवार को सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय में स्थापित मीडिया सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम भंवरलाल जनागल भी उनके साथ रहे। असावा ने प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और सोशल मीडिया पर निगरानी की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने मीडिया सेंटर की कार्यप्रणाली, तकनीकी व्यवस्थाओं तथा चुनाव कवरेज से जुड़ी सुविधाओं का भी बारीकी से जायजा लिया।

असावा ने निर्देश दिए कि प्रतिदिन सभी सूचनाओं का संधारण किया जाए और आपत्तिजनक मामलों में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि मीडिया सेंटर का उद्देश्य फेक और पैड न्यूज पर अंकुश लगाने के साथ आमजन को तथ्यात्मक एवं सटीक जानकारी उपलब्ध कराना है।

उन्होंने वर्तमान में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से डीपफेक वीडियो और इमेज के बढ़ते प्रचलन को देखते हुए इस पर भी कड़ी निगाह रखने तथा निर्वाचन नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए।

मीडिया प्रकोष्ठ के प्रभारी अधिकारी योगेन्द्र शर्मा ने जिला निर्वाचन अधिकारी को मीडिया सेंटर में संपादित की जा रही गतिविधियों की जानकारी दी। इस दौरान प्रकोष्ठ के सहायक प्रभारी अधिकारी प्रद्युम्न गौतम, मीडिया सेंटर के प्रभारी चन्द्रप्रकाश नागर, सोशल मीडिया प्रभारी मोहम्मद सोहराब सहित मीडिया सेंटर के कार्मिक उपस्थित रहे।

उधर, नगर निकाय चुनाव के तहत गुरुवार को आम चुनाव की अधिसूचना जारी होने के साथ ही पहले दिन तीन नगर निकाय क्षेत्रों में नौ अभ्यर्थियों ने कुल नौ नामांकन दाखिल किए। शेष नगर निकायों में एक भी नामांकन प्राप्त नहीं हुआ।

निर्वाचन विभाग के अनुसार नगर परिषद बारां में छह अभ्यर्थियों ने छह नामांकन पत्र दाखिल किए। मांगरोल नगर पालिका में दो अभ्यर्थियों ने दो नामांकन तथा छबड़ा नगर पालिका में एक अभ्यर्थी ने एक नामांकन पत्र प्रस्तुत किया। वहीं अंता, अटरू और सीसवाली नगर निकाय क्षेत्रों में एक भी नामांकन पत्र प्राप्त नहीं हुआ।

नामांकन प्रक्रिया के तहत 31 अगस्त तक नाम निर्देशन पत्र भरे जा सकेंगे। चुनाव प्रक्रिया के दौरान मीडिया निगरानी और नामांकन पर निर्वाचन विभाग की सक्रियता से पैड न्यूज, भ्रामक सामग्री और निर्वाचन नियमों के उल्लंघन पर नजर रखने के निर्देश स्पष्ट किए गए हैं।

Tags: