तस्वीर में बारां स्थित आवास पर रक्षाबंधन के अवसर पर पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया, जिला प्रमुख उर्मिला जैन भाया और उनके परिवार के सदस्य नजर आ रहे हैं।

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अन्ता विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया के बारां स्थित आवास पर भाई-बहिन के प्रेम, स्नेह और आत्मीयता का भावपूर्ण वातावरण देखने को मिला। रक्षाबंधन मनाने के लिए भाया की सभी बहिनें उनके बारां स्थित आवास पर पहुंचीं।

इस अवसर पर बहिनों ने विधि-विधान और पारिवारिक परम्पराओं के साथ प्रमोद जैन भाया एवं जिला प्रमुख श्रीमती उर्मिला जैन भाया को रक्षा सूत्र बांधकर रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं दीं। वहीं प्रमोद जैन भाया ने भी अपनी बहिनों का स्नेहपूर्वक स्वागत करते हुए उनके प्रति प्रेम और सम्मान व्यक्त किया तथा सभी बहिनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

परिवारजनों की मौजूदगी में मनाए गए इस पर्व के दौरान वातावरण भावनात्मक और उल्लासपूर्ण रहा। भाई-बहिनों ने एक-दूसरे के सुख-दुःख में सदैव साथ खड़े रहने तथा पारिवारिक स्नेह और भाईचारे की भावना को मजबूत बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।

प्रमोद जैन भाया ने कहा कि रक्षाबंधन केवल रक्षा सूत्र बांधने का पर्व नहीं, बल्कि भाई-बहिन के बीच अटूट प्रेम, विश्वास, स्नेह और जिम्मेदारी का प्रतीक है। भारतीय संस्कृति में इस पर्व का विशेष महत्व है, जो परिवार में आपसी प्रेम और संबंधों की मजबूती का संदेश देता है।

इस अवसर पर परिवार के सदस्यों एवं शुभचिंतकों ने भी एक-दूसरे को रक्षाबंधन पर्व की शुभकामनाएं प्रेषित कीं। इस तरह बारां स्थित आवास पर पारिवारिक स्नेह, विश्वास और भाई-बहिन के आत्मीय संबंधों के बीच रक्षाबंधन पर्व मनाया गया।

Tags: