बारां में पैसों के विवाद में दो पक्ष भिड़े, लाठी-डंडे चले; पिस्तौल से फायरिंग का वीडियो सामने आया
बारां के मांगरोल रोड पर पैसों के विवाद में दो पक्ष भिड़े और लाठी-डंडे चले। वीडियो में युवक पिस्तौल से फायर करता नजर आया।
तस्वीर में मांगरोल रोड स्थित शराब ठेके के पास सड़क पर कुछ लोग विवाद और मारपीट के दौरान नजर आ रहे हैं, जिनमें एक युवक हाथ में हथियार उठाए हुए दिखाई दे रहा है।
शहर के मांगरोल रोड स्थित मथाना तिराहे पर शराब ठेके के समीप पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में लाठी-भाटा जंग शुरू हो गई। इसी दौरान एक युवक के पिस्तौल से फायर करते हुए नजर आने का वीडियो सामने आया है, जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो पक्षों के बीच हुए झगड़े के दौरान सरेराह एक युवक के हाथ में कथित अवैध देशी बंदूक दिखाई दी। घटना से जुड़ा वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक हथियार के साथ नजर आ रहा है और फायर करता हुआ दिखाई दे रहा है।
घटना की सूचना मिलने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवारी, पुलिस उप अधीक्षक रोहिताश तथा सर कोतवाल हीरालाल पूनिया सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिवादी से घटना की जानकारी ली।
हालांकि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सौरभ तिवारी ने कहा कि गोली चलने की अभी किसी प्रत्यक्षदर्शी ने पुष्टि नहीं की है, लेकिन वीडियो में हथियार दिखाई दे रहा है। पुलिस मामले की पूरी पृष्ठभूमि खंगाल रही है। उन्होंने कहा कि ऐसे मिसक्रीएंट्स के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तिवारी ने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। मामले में सामने आए वीडियो और घटना की परिस्थितियों के आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।