ईश्वरपुरा में सत्यनारायण चौधरी ने संभाला सरपंच पदभार, विकास का संकल्प
| पेयजल, चारागाह अतिक्रमण मुक्ति और सफाई पर रहेगा जोर; वार्ड 5 और 6 में नामांकन निरस्त होने से उपचुनाव होंगे।
ईश्वरपुरा पंचायत में नवनिर्वाचित सरपंच सत्यनारायण चौधरी कार्यभार संभालते हुए, साथ में अन्य लोग।
जिले की बोहत ग्राम पंचायत ईश्वरपुरा में नवनिर्वाचित सरपंच सत्यनारायण चौधरी ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ पदभार ग्रहण किया। ग्राम विकास अधिकारी गिरीश कुमार तिवारी ने उन्हें सरपंच का कार्यभार सौंपा। पदभार संभालने के साथ ही चौधरी ने ग्राम पंचायत के सभी वार्डों में समान विकास, बेहतर मूलभूत सुविधाओं और ग्रामीणों की अपेक्षाओं के अनुरूप कार्य करवाने का संकल्प जताया।
सरपंच सत्यनारायण चौधरी ने बताया कि वह इससे पहले भी वर्ष 1995 से 2000 तक ग्राम पंचायत के सरपंच रह चुके हैं। इसके अलावा वर्ष 2011 से 2015 तक उनकी पत्नी अनसुईया चौधरी ने सरपंच पद की जिम्मेदारी संभाली थी। उनके कार्यकाल में करवाए गए विकास कार्यों को मतदाताओं ने देखा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में प्रत्येक विकास कार्य ग्रामवासियों की प्राथमिकताओं और अपेक्षाओं के अनुरूप करवाया गया था।
चौधरी ने पदभार ग्रहण समारोह में मौजूद ग्रामीणों को विश्वास दिलाया कि इस बार भी ग्राम पंचायत के प्रत्येक वार्ड में समान रूप से विकास कार्य करवाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। गांव में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने, खेतों के रास्तों को सुचारू रखने और चारागाह भूमि को अतिक्रमण मुक्त करवाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
इसके साथ ही ग्रामीणों को नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा चिकित्सालय और शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए भी प्राथमिकता से काम किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों की जरूरतों और अपेक्षाओं के अनुरूप पंचायत क्षेत्र के विकास का भरोसा दिलाया।
कार्यक्रम में उपसरपंच मांगीलाल, वार्ड पंच छोटा बाई, कौशल्या बाई, जितेंद्र सुमन, मनमोहन और अनीता बाई सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। इस दौरान नवनिर्वाचित सरपंच ने वार्ड पंचों सहित वरिष्ठ ग्रामीणों का पुष्पमालाएं पहनाकर स्वागत किया।
वहीं, ग्राम विकास अधिकारी गिरीश कुमार तिवारी ने ग्राम पंचायत की वार्ड संरचना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत में कुल 9 वार्ड हैं। हालांकि, चुनाव के दौरान वार्ड संख्या 5 और 6 में वार्ड पंच पद के लिए आवेदन फार्म किसी कारणवश निरस्त हो जाने से दोनों वार्ड रिक्त रह गए हैं। इन दोनों वार्डों में वार्ड पंच के उपचुनाव होने हैं।
नवनिर्वाचित सरपंच के पदभार ग्रहण के साथ ही ईश्वरपुरा ग्राम पंचायत में विकास कार्यों और बुनियादी सुविधाओं को लेकर नई कार्ययोजना पर काम करने की जिम्मेदारी शुरू हो गई है।