कक्षा में बैठे प्रशिक्षणार्थी और शिक्षक मतदाता जागरूकता अभियान के दौरान कागज लिए दिख रहे हैं।

बारां जिले में मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (SSR-2027) के तहत पात्र युवाओं का शत-प्रतिशत मतदाता पंजीयन सुनिश्चित करने के लिए शिक्षण संस्थानों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में सोमवार को मेलखेड़ी रोड स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय टीचर ट्रेनिंग कॉलेज में युवा मतदाता संवाद, निर्वाचन क्विज एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें प्रशिक्षणार्थियों ने निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े सवालों के जवाब देकर अपनी चुनावी समझ का परिचय दिया। वहीं, निबंध लेखन के माध्यम से लोकतंत्र की मजबूती में मतदान की भूमिका और मताधिकार के महत्व को प्रस्तुत किया।

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर बालमुकुंद असावा तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप नोडल अधिकारी शिवेंद्र प्रताप के निर्देशानुसार आयोजित कार्यक्रम में सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने प्रशिक्षणार्थियों को निष्पक्ष, निर्भीक एवं प्रलोभनमुक्त मतदान की शपथ दिलाई।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाना भी युवाओं की जिम्मेदारी

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अमित भार्गव ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति जागरूक और जिम्मेदार मतदाताओं में निहित है। युवा वर्ग न केवल देश का भविष्य है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था का वर्तमान भी है। इसलिए युवाओं को मतदान के प्रति जागरूक रहने के साथ मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।

उन्होंने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिरहित, अद्यतन एवं समावेशी बनाना है, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। उन्होंने 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके युवाओं से तत्काल पंजीयन करवाने की अपील की। साथ ही निर्धारित पात्रता तिथियों के अनुसार 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले भावी मतदाताओं को भी अग्रिम पंजीयन का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।

भार्गव ने प्रशिक्षणार्थियों से कहा कि वे स्वयं मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित करने के साथ परिवारजनों, मित्रों और आसपास के युवाओं को भी पंजीयन के लिए जागरूक करें।

ईसीआई नेट ऐप से समझी ऑनलाइन पंजीयन और संशोधन की प्रक्रिया

कार्यक्रम में प्रशिक्षणार्थियों को ईसीआई नेट ऐप की उपयोगिता और इसमें उपलब्ध विभिन्न ऑनलाइन सुविधाओं की जानकारी दी गई। उनके मोबाइल में ऐप डाउनलोड करवाकर मतदाता सूची में अपना नाम तलाशने, मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त करने और नए मतदाता के रूप में ऑनलाइन पंजीयन करने की प्रक्रिया समझाई गई।

इसके अलावा फॉर्म-6 के माध्यम से नए मतदाता के रूप में पंजीयन तथा फॉर्म-8 के जरिए मतदाता पहचान पत्र में आवश्यक संशोधन करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

शिल्पा रेबारी ने निर्वाचन क्विज में प्राप्त किया पहला स्थान

संस्थान की निदेशक डॉ. सुधीरा ने प्रशिक्षणार्थियों से स्वयं का मतदाता पंजीयन सुनिश्चित करने और अन्य पात्र नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जागरूक एवं जिम्मेदार युवा ही सशक्त लोकतंत्र की आधारशिला हैं। प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को संस्थान की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्राचार्य डॉ. शारदा चतुर्वेदी ने बताया कि निर्वाचन क्विज प्रतियोगिता में शिल्पा रेबारी ने प्रथम और शबाना जाफरी ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। दोनों प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागी आगामी ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में संस्थान का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसके बाद उन्हें विधानसभा स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

मानव श्रृंखला बनाकर दिया शत-प्रतिशत पंजीयन का संदेश

कार्यक्रम के अंतिम चरण में प्रशिक्षणार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान '18 की उम्र खुशी अपार, नाम जुड़ेगा अबकी बार' जैसे नारों के माध्यम से पात्र युवाओं को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य SSR-2027 के तहत नवपात्र युवाओं का शत-प्रतिशत मतदाता पंजीयन सुनिश्चित करना, निर्वाचन प्रक्रिया की समझ विकसित करना और लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाना रहा। इस अवसर पर ईएलसी कोऑर्डिनेटर चारु गोयल, व्याख्याता दुलीचंद मेघवाल, अरुणा शर्मा सहित संस्थान के स्टाफ सदस्य और बड़ी संख्या में प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे।

Tags: