होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के बैनर के सामने बैठक को संबोधित करते वक्ता और मंच पर बैठे अतिथि नजर आ रहे हैं।   


 


बाराँ जिले के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने तथा हाड़ौती संभाग में पर्यटन गतिविधियों को नई गति देने की दिशा में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान की बाराँ इकाई ने पहल तेज कर दी है। इसी सिलसिले में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की बाराँ इकाई की साधारण सभा शहर की पुरानी सिविल लाइंस स्थित धनवर्षा फाइनेंस ऑफिस में आयोजित की गई। बैठक में आगामी 11, 12 और 13 जनवरी को कोटा में आयोजित होने वाले 'कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट 2027' और बाराँ जिले की पर्यटन विकास संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान आमंत्रित अतिथियों ने ट्रैवल मार्ट के पोस्टर का सामूहिक रूप से विमोचन किया।

बैठक से पहले होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान के संभागीय अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने हाड़ौती संभाग में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की बिंदुवार जानकारी दी। साथ ही कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट में बाराँ इकाई की सहभागिता को लेकर विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता उद्योगपति एवं इंटेक एडवाइजरी कमेटी बाराँ के चेयरमैन विष्णु कुमार साबू ने की। मुख्य अतिथि के रूप में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान सवाई माधोपुर के अध्यक्ष एवं हाड़ौती फॉरेस्ट डेवलपमेंट सोसाइटी के चेयरमैन काजी एहतशामुद्दीन उपस्थित रहे। इस अवसर पर पदाधिकारियों और अतिथियों ने हाड़ौती संभाग में पर्यटन को बढ़ावा देने तथा स्थानीय विकास की संभावनाओं पर अपने विचार रखे।

अध्यक्षीय उद्बोधन में विष्णु कुमार साबू ने कहा कि बाराँ जिले में प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक किलों और प्राचीन मंदिरों की समृद्ध विरासत मौजूद है। इन धरोहरों का उचित संरक्षण और प्रचार-प्रसार किया जाए तो बाराँ हाड़ौती संभाग के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में उभर सकता है।

मुख्य अतिथि काजी एहतशामुद्दीन ने कहा कि रणथंभौर और सवाई माधोपुर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को हाड़ौती सर्किट से जोड़ने की आवश्यकता है। उन्होंने 'कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट 2027' को इस दिशा में मील का पत्थर बताते हुए कहा कि आयोजन से पूरे संभाग के होटल व्यवसायियों और टूर ऑपरेटर्स को एक बड़ा मंच मिलेगा। साथ ही बाराँ के वन्यजीव और इको-टूरिज्म को नई पहचान मिल सकेगी।

भारत तिब्बत सहयोग मंच के प्रांतीय प्रचार प्रमुख राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि बाराँ की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत गौरवशाली है। जिले के ऐतिहासिक स्थलों की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ब्रांडिंग किए जाने की आवश्यकता है।

होटल फेडरेशन बाराँ इकाई के अध्यक्ष हरिओम अग्रवाल ने अतिथियों और सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि फेडरेशन जिले के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। 'कोटा हाड़ौती ट्रैवल मार्ट 2027' में बाराँ की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि बाहर से आने वाले ट्रैवल एजेंट्स को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों और यहां उपलब्ध आतिथ्य सेवाओं से परिचित कराया जा सके।

इकाई सचिव जगदीश शर्मा ने बैठक का संचालन करते हुए आगामी कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बाराँ आने वाले पर्यटकों के ठहरने और आवागमन की सुविधाओं को अधिक सुगम बनाने के लिए फेडरेशन की ओर से ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने होटल संचालकों से एकजुट होकर ट्रैवल मार्ट 2027 को सफल बनाने और जिले के पर्यटन विकास के लिए सुझाव देने का आह्वान किया।

इंटेक बाराँ चैप्टर के संयोजक जितेन्द्र कुमार शर्मा ने जिले की ऐतिहासिक और पुरातात्विक धरोहरों का उल्लेख करते हुए कहा कि रामगढ़ क्रेटर, सौरसन, शाहाबाद का किला, शेरगढ़, भण्डदेवरा और सीताबाड़ी जैसे विश्वस्तरीय स्थल बाराँ की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि हेरिटेज वॉक और सांस्कृतिक महोत्सवों के माध्यम से पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकता है। भारतीय सांस्कृतिक निधि (इंटेक) और होटल फेडरेशन मिलकर बाराँ के हेरिटेज टूरिज्म को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए संभागीय अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी और उनकी टीम के साथ कार्य करेंगे।

बैठक के अंत में अध्यक्ष की अनुमति से अन्य स्थानीय विषयों पर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर फेडरेशन के अनेक सदस्य और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के समापन पर सचिव जगदीश शर्मा ने सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक में हुई चर्चा और ट्रैवल मार्ट में बाराँ की प्रस्तावित भागीदारी से जिले की ऐतिहासिक, प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को पर्यटन के माध्यम से पहचान दिलाने के प्रयासों को दिशा मिली।

Tags: