माला पहने खड़े पत्रकार बारां में दीपावली मिलन समारोह और कार्यकारिणी घोषणा के अवसर पर मौजूद हैं।

बारां जिला पत्रकार संघ का दीपावली स्नेह मिलन समारोह एवं जिला कार्यकारिणी घोषणा कार्यक्रम आपसी भाईचारे और संगठनात्मक एकजुटता के साथ आयोजित हुआ। समारोह में जिलेभर से पहुंचे पत्रकारों ने पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और समस्याओं पर चर्चा करते हुए उनके हितों की रक्षा के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया। इस दौरान पत्रकार बीमा योजना, बीमार पत्रकारों के परिवारों को सहायता और जरूरतमंद पत्रकारों को आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराने सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम का संचालन संयोजक राजेश पंकज ने किया। समारोह में पहुंचे पत्रकारों का माल्यार्पण कर स्वागत एवं सम्मान किया गया। सभी ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं और संगठन को मजबूत बनाकर नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम की शुरुआत पत्रकार साथी बृजमोहन मेहता के पिताजी के देवलोक गमन पर दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद आयोजित बैठक में पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। पत्रकारों ने अपने-अपने क्षेत्रों में पत्रकारिता के दौरान आने वाली समस्याओं और चुनौतियों को साझा किया।

जिलाध्यक्ष अमित जैन ने कहा कि बारां जिला पत्रकार संघ केवल एक संगठन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पत्रकारों की एकजुटता, सम्मान और अधिकारों की आवाज बनेगा। संगठन में प्रत्येक पत्रकार को सर्वोपरि रखते हुए उसकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा। किसी भी पत्रकार साथी पर संकट आने की स्थिति में संघ उसके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पत्रकारों के हितों और सम्मान से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

बैठक में पत्रकारों के लिए बीमा योजना लागू करने, किसी पत्रकार साथी के बीमार होने पर उसके परिवार को सहयोग देने तथा जरूरत के समय आर्थिक और सामाजिक सहायता उपलब्ध कराने पर चर्चा हुई। इसके साथ ही पत्रकारों की समस्याओं और पीड़ा को संगठन स्तर पर सुनकर उनके समाधान के प्रयास करने पर भी विचार किया गया। आगामी वर्ष जिलेभर के पत्रकारों को आमंत्रित कर भव्य जिला स्तरीय पत्रकार सम्मेलन आयोजित करने पर भी सहमति बनी।

जिला अध्यक्ष अमित जैन ने वरिष्ठता के क्रम में जिला कार्यकारिणी की घोषणा की। इसमें दिलीप शाह, ललित मोहन खंडेलवाल, घनश्याम दाधीच, राजेंद्र शर्मा, रितेश शर्मा और लक्ष्मीचंद नागर को संरक्षक बनाया गया। राजेश पंकज को संयोजक तथा विष्णु भारद्वाज, मदनलाल शाक्यवाल, प्रदीप शर्मा और फिरोज खान को वरिष्ठ उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। हंसपाल यादव, बृजमोहन मेहता, हरीश शर्मा और अर्जुन अरविंद को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।

नीरज पोरवाल को महामंत्री बनाया गया, जबकि नवल गौड़, हेमंत यादव, दीपक कुशवाहा, बृजेश यादव, जयप्रकाश शर्मा, हनीफ भाई, योगेंद्र मेहता और संजय नायक को मंत्री नियुक्त किया गया। हर्षिल सक्सेना को कोषाध्यक्ष तथा ओम नगर, आलोक बादल, घनश्याम दाधीच अंता, कृष, राहुल शर्मा, गजेंद्र गौतम, सीबी पंकज और शब्बीर भाई को सह मंत्री की जिम्मेदारी दी गई।

वीरेंद्र सिंह को प्रवक्ता तथा मोहम्मद अनु, दीपांशु गेरा और पराग वारा को सह प्रवक्ता नियुक्त किया गया। सोशल मीडिया प्रभारी के रूप में दीक्षा सुमन और भरतहरी मीणा को जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, फिरोज खान, ऐश टेल्ह्यानी और रामेश्वर दयाल शर्मा को विधि सलाहकार बनाया गया। इसके अलावा संगठन की ओर से सतर्कता टीम का भी गठन किया गया।

समारोह के दौरान सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। एक-दूसरे का मुंह मीठा कराकर दीपावली की शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम के समापन पर पत्रकार साथियों ने सामूहिक भोजन किया और संगठन को मजबूत बनाने के लिए अपने विचार एवं सुझाव साझा किए।

बारां जिला पत्रकार संघ ने अपने संकल्प में स्पष्ट किया कि किसी एक पत्रकार की समस्या पूरे संगठन की समस्या होगी। पत्रकारों के सुख-दुख में साथ देना, उनके परिवारों की चिंता करना तथा उनके सम्मान और अधिकारों के लिए एकजुट होकर आवाज उठाना संगठन की प्राथमिकता रहेगी।

Tags: