भारत तिब्बत सहयोग मंच के तत्वावधान में आयोजित तवांग तीर्थ यात्रा में शामिल कोटा के श्रद्धालुओं ने अरुणाचल प्रदेश के बुमला बॉर्डर पर लगभग 15,200 फीट की ऊंचाई और माइनस 15 डिग्री तापमान में तिरंगा फहराकर राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। इस दौरान यात्रियों ने चीन की विस्तारवादी नीति के खिलाफ नारेबाजी की और सीमा पर तैनात भारतीय सैनिकों का उत्साहवर्धन किया।

बारां/गुवाहाटी। भारत तिब्बत सहयोग मंच की ओर से आयोजित तवांग तीर्थ यात्रा आध्यात्मिक चेतना, सांस्कृतिक अनुभव और राष्ट्रभक्ति एवं पराक्रम के भावों के साथ संपन्न हुई। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने बुमला बॉर्डर पर तिरंगा फहराकर तिब्बत की स्वतंत्रता और कैलाश मानसरोवर की मुक्ति का संकल्प दोहराया।

भारत तिब्बत सहयोग मंच के प्रांतीय महामंत्री अरविंद सिंह सिसोदिया एवं प्रांतीय प्रचार प्रमुख राजेंद्र शर्मा ने बताया कि बुमला बॉर्डर पर यात्रियों ने चीन की विस्तारवादी नीति के विरोध में आवाज बुलंद की। इस दौरान उन्होंने “चीन की सीमा चीन की दीवार, बाकी सब कब्जा है” का उद्घोष किया। इसके साथ ही “तिब्बत को आजाद करो” और “कैलाश मानसरोवर को मुक्त करो” जैसे नारे लगाए। यात्रियों ने सीमा पर तैनात भारतीय सैनिकों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके प्रति सम्मान और समर्थन व्यक्त किया।

यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं ने अरुणाचल प्रदेश के विभिन्न धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण किया। इसमें बौद्ध मठों के दर्शन के साथ सेला पास, माधुरी झील, जंग जलप्रपात और जसवंतगढ़ युद्ध स्मारक की यात्रा शामिल रही। अरुणाचल प्रदेश के स्थानीय लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से यात्रियों का आत्मीय स्वागत किया। इससे यात्रा के दौरान सांस्कृतिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकात्मता का भाव प्रगाढ़ हुआ।

यात्रा का समापन मां कामाख्या के दर्शन के साथ हुआ। पूरी यात्रा में श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति के साथ राष्ट्र, संस्कृति और सीमाओं की सुरक्षा के प्रति समर्पण का संदेश मिला।

यात्रा में कोटा से शामिल प्रमुख यात्रियों में चित्तौड़ प्रांत अध्यक्ष अरविंद कौशल, जिलाध्यक्ष कुंजबिहारी गौतम, प्रांतीय मंत्री एवं राष्ट्रीय कवि ओम सोनी मधुर (अंता), प्रांतीय कोषाध्यक्ष छुट्टनलाल शर्मा और डॉ. आर.सी. गौतम सहित अन्य श्रद्धालु शामिल रहे।

Tags: