अटरू में फर्जी दानपत्र से 3.28 हेक्टेयर भूमि नामांतरण मामले में दो आरोपी पुलिस हिरासत में पकड़े गए।

बारां जिले के अटरू क्षेत्र में कूटरचित दस्तावेज तैयार कर 3.28 हेक्टेयर भूमि का नामांतरण अपने नाम करवाने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें 4 हजार रुपये का इनामी आरोपी सोनू मीणा और कथित मास्टरमाइंड दीपक सिंह शामिल हैं। आरोप है कि तहसील के रिकॉर्ड रूम में काम करने के अनुभव का फायदा उठाकर दस्तावेजों में हेराफेरी की गई और फर्जी दानपत्र के आधार पर जमीन का नामांतरण करवाया गया।

जिला पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने बताया कि 07.01.2026 को मंजुर अली दीवान तत्कालीन तहसीलदार एवं उपपंजीयक अटरू, योगेश कुमार नागर रीडर तहसील अटरू, कृष्णमुरारी मीणा पटवारी कनवास तहसील सांगोद तथा हरिशंकर पु सरपंच/प्रशासक ग्राम पंचायत ढोटी ने थाने में उपस्थित होकर परिवाद पेश किया था। परिवाद में बताया गया कि सोनू मीणा पुत्र रामप्रसाद मीणा ने षड्यंत्रपूर्वक ग्राम ढोटी की खाता संख्या 180 के कुल 3 कितों का 1.99 हेक्टेयर और खाता संख्या 181 के कुल 2 कितों का 1.29 हेक्टेयर, इस प्रकार कुल 3.28 हेक्टेयर भूमि का नामांतरण स्वीकृत नामांतरण संख्या 1662 के माध्यम से अपने नाम दर्ज करवा लिया।

परिवाद के अनुसार, दीपक सिंह पिछले कई वर्षों से तहसील के रिकॉर्ड रूम में कार्यरत था। इस दौरान उसे रिकॉर्ड रूम से नकल निकालने, दस्तावेजों पर सील-मोहर लगाने, रजिस्टर में इंद्राज करने और दस्तावेजों पर संबंधित अधिकारियों के हस्ताक्षर करवाने का कार्य करने का अनुभव था। आरोप है कि दीपक सिंह ने इसी का फायदा उठाया। सोनू मीणा द्वारा तैयार करवाए गए कूटरचित दस्तावेज पर उपपंजीयक अटरू के फर्जी हस्ताक्षर किए गए अथवा सोनू मीणा ने दीपक सिंह से मिलीभगत कर धोखाधड़ी और षड्यंत्रपूर्वक हस्ताक्षर करवाए। इसके बाद पटवारी हल्का ढोटी और सरपंच ग्राम पंचायत ढोटी से भी धोखाधड़ी और षड्यंत्रपूर्वक नामांतरण की तस्दीक करवा ली गई।

मामला सामने आने के बाद परिवादी पक्ष ने 14.11.2014 के कथित कूटरचित दस्तावेज की जांच करवाई। कार्यालय रिकॉर्ड के अनुसार नवंबर 2014 के अंगूठा निशानी रजिस्टर में दर्ज पक्षकारों के नाम और अंगूठा निशानियों का दिनांक 10.11.2014 की क्रम संख्या 900 से लेकर 18.11.2014 की क्रम संख्या 935 तक मिलान किया गया। जांच में इस अवधि के दौरान उपपंजीयक कार्यालय अटरू में इस तरह का कोई दस्तावेज पंजीबद्ध होना नहीं पाया गया।

इस आधार पर पुलिस थाना अटरू में प्रकरण संख्या 06/2026 धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

घटना की गंभीरता और कथित धांधली को देखते हुए पुलिस ने फरार आरोपियों की तलाश तेज की। 21-22.11.2026 को पुलिस महानिरीक्षक कोटा रेंज कोटा की ओर से चलाए जा रहे दो दिवसीय एरिया डॉमिनेशन अभियान के तहत सौरभ तिवाडी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बारां और रामानन्द यादव वृत्ताधिकारी वृत्त अटरू के सुपरविजन में कमल सिंह उप निरीक्षक एवं थानाधिकारी अटरू के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने आसपास के इलाकों में फरार आरोपी सोनू मीणा की तलाश की। घटना के बाद से फरार चल रहे सोनू की गिरफ्तारी पर 4000 रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस ने 21.11.2026 को सोनू पुत्र रामप्रसाद, जाति मीणा, उम्र 30 साल, निवासी ढोटी, पुलिस थाना अटरू, जिला बारां, राजस्थान को गिरफ्तार कर लिया।

इसी मामले में पुलिस ने 22.11.2026 को कथित मास्टरमाइंड दीपक सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान दीपक पुत्र सुल्तान सिंह, जाति राजपूत, उम्र 36 साल, निवासी नयागांव, पुलिस थाना मसूदा, जिला ब्यावर, हाल निवासी बंधा रोड, अटल सेवा केन्द्र के पास अटरू, पुलिस थाना अटरू, जिला बारां, राजस्थान के रूप में हुई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में कमल सिंह उप निरीक्षक एवं थानाधिकारी पुलिस थाना अटरू, नन्दकिशोर कांस्टेबल पुलिस थाना अटरू और राजकुमार कांस्टेबल पुलिस थाना अटरू शामिल रहे। कूटरचित दस्तावेजों के जरिए 3.28 हेक्टेयर भूमि का नामांतरण करवाने के इस मामले में दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अनुसंधान जारी है।

Tags: