तस्वीर में बाएं से दाएं शीतल राठौर, मीनाक्षी भारद्वाज और निलेश जैन नजर आ रहे हैं।

बारां नगर परिषद में सभापति पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। सामान्य वर्ग की महिला के लिए आरक्षित सभापति पद पर आम आदमी पार्टी की शीतल राठौर, कांग्रेस की मीनाक्षी भारद्वाज और भाजपा के निलेश जैन ने बुधवार को रिटर्निंग ऑफिसर के समक्ष नामांकन दाखिल किया। वहीं, आप पार्टी की ओर से वार्ड नंबर 1 से विजयी चंद्रकला सुमन ने भी सभापति पद के लिए नामांकन दाखिल कर राजनीतिक समीकरणों में नया पहलू जोड़ दिया।

चंद्रकला सुमन का नामांकन आप पार्टी की ओर से दाखिल कराया गया है। इसे आप पार्टी की कूटनीति के रूप में देखा जा रहा है। सभापति पद के लिए बुधवार को दाखिल किए गए नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 18 सितंबर है, जबकि 21 सितंबर को मतदान होगा।

बारां नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए हुए चुनाव में पूर्व सभापति कमल राठौर के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशियों ने 31 वार्डों में जीत दर्ज की है। कांग्रेस के नेतृत्वकर्ता प्रमोद जैन भाया की अगुवाई में कांग्रेस ने 18 वार्ड जीते हैं। भाजपा 9 वार्डों तक ही सीमित रही, जबकि दो निर्दलीय पार्षद भी चुनाव जीतकर आए हैं।

नगर परिषद में पार्षदों के चुनाव परिणामों के लिहाज से आम आदमी पार्टी के पास 31 पार्षद हैं। कांग्रेस के 18, भाजपा के 9 और दो निर्दलीय पार्षद विजयी हुए हैं। ऐसे में यदि कोई राजनीतिक बदलाव नहीं होता है तो आप पार्टी की सभापति बनना लगभग तय माना जा रहा है।

हालांकि, कई सूत्रों के अनुसार दोनों राष्ट्रीयकृत पार्टियों की ओर से सभापति बनाने के प्रयास अभी भी किए जा रहे हैं। मौजूदा संख्या के बीच इन प्रयासों की सफलता मुश्किल प्रतीत होती है, लेकिन सभापति चुनाव में 18 सितंबर को नामांकन वापसी और 21 सितंबर को होने वाले मतदान तक राजनीतिक गतिविधियों पर नजर बनी रहेगी।

Tags: