तस्वीर में राजनीतिक दलों के चुनाव चिह्न कमल, हाथ का पंजा और झाड़ू नजर आ रहे हैं।

नगर निकाय चुनाव के परिणाम सोमवार को घोषित किए जाएंगे। इसके लिए जिला प्रशासन ने सभी मतगणना केंद्रों पर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार सुबह 8:00 बजे से मतगणना शुरू होने के साथ ही प्रत्याशियों की जीत-हार का सिलसिला सामने आने लगेगा।

परिणामों के साथ यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि किन प्रत्याशियों के चेहरे जीत की खुशी से खिलेंगे और किन्हें मायूसी का सामना करना पड़ेगा। जिला मुख्यालय स्थित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बनाए गए मतगणना स्थल पर सोमवार सुबह से ही गहमागहमी का माहौल रहने की संभावना है। प्रत्याशियों के समर्थक भी सुबह से प्रशासन की ओर से निर्धारित सीमा क्षेत्र में तैनात रहेंगे।

रविवार रात से सोमवार सुबह तक सभी प्रत्याशियों की धड़कनें बढ़ी रहेंगी। दूसरी ओर भाजपा, कांग्रेस और तीसरे मोर्चे के रूप में चुनाव लड़ रही आम आदमी पार्टी भी अपने-अपने दावों के मुताबिक तैयारियों के साथ मतगणना केंद्रों पर पहुंचेगी। परिणाम सामने आने के बाद खरीद-फरोख्त का खेल भी चलने की बात कही जा रही है।

हालांकि, इस बार के नगर निकाय चुनाव में जिस तरह की बयार चली है, उससे यह स्पष्ट कहना मुश्किल है कि परिणाम किसके पक्ष में जाएंगे। कई वार्डों में उलटफेर की स्थिति बनने की संभावना है, जिससे चुनाव परिणामों को लेकर प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों की निगाहें टिकी हुई हैं।

तीसरा मोर्चा यानी आम आदमी पार्टी किन वार्डों में किस पार्टी को प्रभावित करेगी, यह भी चुनाव परिणाम सामने आने के बाद साफ हो जाएगा। कई जगह अप्रत्याशित परिणाम आने की संभावना भी जताई जा रही है।

परिणाम घोषित होने के बाद हारने वाले प्रत्याशियों के वार्डों में कार्यकर्ताओं, मतदाताओं और प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी शुरू होने की संभावना है। ऐसे में नगर निकाय चुनाव के परिणाम न केवल जीत और हार तय करेंगे, बल्कि संबंधित वार्डों में राजनीतिक समीकरणों पर भी असर डालेंगे।

Tags: