बारां में भाजपा नेता आनंद गर्ग के आवास और प्रतिष्ठान पर जीएसटी विभाग की रेड
बारां में भाजपा नेता आनंद गर्ग के आवास और प्रतिष्ठान पर जीएसटी विभाग की रेड से हलचल मच गई। अधिकारी दस्तावेजों की जांच में जुटे हैं।
तस्वीर में पुलिसकर्मी एक दुकान के बाहर तैनात नजर आ रहे हैं।
बारां शहर के अस्पताल रोड स्थित भाजपा नेता आनंद गर्ग के आवास एवं प्रतिष्ठान पर वाणिज्य कर विभाग ने रेड की कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों के साथ भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा।
कार्रवाई की जानकारी मिलने के बाद भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और व्यापारी भी बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। इस दौरान क्षेत्र में कार्रवाई को लेकर चर्चा का माहौल बना रहा।
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई कोटा जीएसटी कमिश्नर के नेतृत्व में की गई है। हालांकि, कार्रवाई के कारणों और अन्य संबंधित बिंदुओं को लेकर वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों की ओर से फिलहाल कोई स्पष्टीकरण सामने नहीं आया है। समाचार लिखे जाने तक अधिकारी आनंद गर्ग के आवास एवं प्रतिष्ठान से संबंधित दस्तावेजों को खंगालने में जुटे हुए थे।
खास बात यह रही कि राज्य में भाजपा की सरकार होने के बावजूद भाजपा नेता के प्रतिष्ठान एवं आवास पर वाणिज्य कर विभाग की यह कार्रवाई आम लोगों में चर्चा का विषय बनी हुई है। कार्रवाई के संबंध में विभागीय स्तर से आधिकारिक स्पष्टीकरण सामने आने के बाद ही इसके कारणों और आगे की कार्रवाई की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।