झालावाड़: प्रांत स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में चारों वर्गों में जीता खिताब
उदयपुर में आयोजित प्रतियोगिता के चारों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल करने के बाद झालावाड़ की टीमें अब 25 से 27 सितंबर तक बूंदी में राज्य स्तरीय स्पर्धा खेलेंगी।
तस्वीर में मंच पर ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्राप्त करते विजेता खिलाड़ी और पदाधिकारी दिख रहे हैं।
बारां/झालावाड़। विद्या भारती शिक्षा संस्थान झालावाड़ ने खेल क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए प्रांत स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में ऐतिहासिक सफलता दर्ज की है। संस्थान के जिला सचिव मुकुट बिहारी यादव ने बताया कि उदयपुर में आयोजित प्रांत स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में बाल वर्ग छात्र, बाल वर्ग छात्रा, किशोर वर्ग छात्र और किशोर वर्ग छात्रा, इन चारों वर्गों में झालावाड़ जिले की टीमों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
प्रांत स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में झालावाड़ जिले की चारों टीमों के कुल 48 भैया-बहिनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, टीम भावना और संघर्षशीलता का परिचय देते हुए चारों वर्गों में प्रथम स्थान प्राप्त किया।
जिले के पदाधिकारियों ने इस शानदार उपलब्धि पर सभी खिलाड़ियों और उनके प्रशिक्षकों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, नियमित अभ्यास, प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालयों के सहयोग का परिणाम है।
अब झालावाड़ की चारों विजेता टीमें आगामी 25 से 27 सितंबर तक बूंदी में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय खो-खो प्रतियोगिता में भाग लेंगी। जिला प्रचार प्रमुख गिरीश कुमार नेगी ने यह जानकारी दी।