कव्वाली मुकाबले में गूंजे राम और अल्लाह के कलाम, तकरार-इकरार ने बांधा समां
बारां के ऐतिहासिक डोल मेला रंगमंच पर कव्वाली मुकाबले में श्रीराम भक्ति और अल्लाह की इबादत के कलाम गूंजे। इमरान वारसी और रोशनी वारसी की तकरार, इकरार और इजहार ने दर्शकों को फजर की नमाज तक बांधे रखा।
तस्वीर में बारां के डोल मेला रंगमंच पर आयोजित कव्वाली कार्यक्रम के दौरान मंच पर प्रस्तुति देते कलाकार और बैठे हुए श्रोता नजर आ रहे हैं।
बारां। ऐतिहासिक डोल मेला रंगमंच पर रविवार रात आयोजित कव्वाली मुकाबले में गंगा-जमुनी तहजीब और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश उभरा। मुंबई से आए मशहूर कव्वाल इमरान वारसी और रोशनी वारसी ने कभी श्रीराम की भक्ति के स्वर छेड़े तो कभी अल्लाह की इबादत में कलाम पेश किए। दोनों के बीच तकरार, इकरार और इजहार की नोकझोंक ने दर्शकों को देर रात तक बांधे रखा।
अनंत इवेंट के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत खुदा की इबादत से हुई। इसके बाद कव्वालों ने ‘श्री राम-जानकी, बैठे हैं मेरे सीने में’ की प्रस्तुति दी तो पूरा पंडाल तालियों और जयकारों से गूंज उठा। श्रोताओं ने प्रस्तुति का आनंद लिया और कई लोग भक्ति के रंग में झूमते नजर आए।
कार्यक्रम में देशभक्ति और भाईचारे का संदेश भी प्रमुखता से सामने आया। ‘हिंदू-मुस्लिम खाएं एक थाली में, ऐसा हिंदुस्तान बना दे अल्लाह’ जैसे मिसरों पर दर्शकों ने जोरदार तालियां बजाईं। वहीं ‘अपना जलवा सबको दिखा दे, सबके दिलों से नफरत मिटा दे’ जैसे कलाम ने आपसी प्रेम और सद्भाव का संदेश दिया।
देर रात कव्वाली मुकाबला अपने चरम पर पहुंच गया। दोनों कव्वालों ने चुटीले मिसरों और शानदार अदायगी के जरिए पहले तकरार, फिर इकरार और आखिर में इजहार का सिलसिला पेश किया। दर्शक देर रात तक अपनी जगह से नहीं हिले। मुकाबले के दौरान श्रोताओं ने नजरानों की बौछार कर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम का सिलसिला इतना लंबा चला कि लोग फजर की नमाज तक कव्वाली का लुत्फ उठाते रहे।
डोल मेला रंगमंच मीडिया प्रभारी लक्ष्मण वर्मा सागर ने बताया कि कार्यक्रम के शुभारंभ पर पूर्व सभापति कमल राठौर, उपसभापति तेजस सुमन, डोल मेला अध्यक्ष नीरज नागर, सद्दाम, रमीज राजा, मुनाफ अंसारी, आबिद हुसैन, अली असगर सहित कव्वालों की टीम एवं अन्य गणमान्य लोगों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
डोल मेला अध्यक्ष नीरज नागर ने बताया कि मंगलवार को डोल मेला रंगमंच पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कलाकारों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।