तस्वीर में बारां कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन पर बैठे कांग्रेस कार्यकर्ता।   

बारां। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी, बारां की ओर से मंगलवार को जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया और उनके कार्यकाल में निर्वाचन आयोग के निर्णयों तथा मतदाता सूचियों में किए गए बदलावों की स्वतंत्र समीक्षा की मांग को लेकर जिला कलक्टर के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। यह प्रदर्शन ऐसे समय हुआ है जब निर्वाचन प्रक्रिया और मतदाता सूचियों को लेकर कांग्रेस सहित विपक्षी दलों की ओर से देशभर में सवाल उठाए जा रहे हैं।

कांग्रेस जिला संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने बताया कि ज्ञापन में मुख्य निर्वाचन आयुक्त के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र जांच कर उसके निष्कर्ष सार्वजनिक करने की मांग की गई है। कांग्रेस कमेटी ने कहा कि जांच के निष्कर्षों और लागू कानूनी प्रक्रिया के अनुसार पद से हटाने सहित आवश्यक कार्रवाई की जाए तथा अपराध प्रमाणित होने पर गिरफ्तारी की कार्रवाई भी की जाए। ज्ञापन में मतदाता सूचियों की समीक्षा के दौरान सामने आने वाली अनियमितताओं को दूर कर कार्रवाई का विवरण सार्वजनिक करने की मांग भी की गई।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी सचिव धर्मराज मेहरा ने कहा कि जिला कांग्रेस कमेटी ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी मांगें राष्ट्रपति तक पहुंचाई हैं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों में बदलाव और निर्वाचन संबंधी निर्णयों की समीक्षा कर तथ्य जनता के सामने रखे जाने चाहिए।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष हंसराज मीणा ने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर उठे सवालों का जवाब पारदर्शी और स्वतंत्र जांच से मिलना चाहिए, ताकि मतदाताओं का विश्वास बना रहे।

पूर्व मंत्री एवं अंता विधायक प्रमोद जैन भाया ने निर्वाचन प्रक्रिया पर उठे सवालों की निष्पक्ष जांच की मांग की। किशनगंज के पूर्व प्रधान सेवा राम मीणा ने कहा कि निर्वाचन आयोग के कामकाज पर उठे सवालों की स्वतंत्र जांच ही स्थिति स्पष्ट कर सकती है। जांच के निष्कर्ष सार्वजनिक होने से चुनाव प्रक्रिया के प्रति भरोसा मजबूत होगा।

पूर्व विधायक करणसिंह राठौड ने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज होना आवश्यक है। किशनगंज की पूर्व विधायक श्रीमती निर्मला सहरिया ने कहा कि मतदाताओं से जुड़े मामलों में पारदर्शिता सर्वोपरि है।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि मतदाता सूचियों में किए गए बदलावों की व्यापक समीक्षा कर किसी भी पात्र मतदाता के साथ हुई त्रुटि को सुधारा जाना चाहिए। जिला कांग्रेस संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने बताया कि राष्ट्रपति के नाम सौंपे गए ज्ञापन में सभी मांगों पर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।

जिला कलक्टर कार्यालय पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान प्रदेश कांग्रेस सचिव धर्मराज मेहरा, पूर्व विधायक छबड़ा करणसिंह राठौड, श्रीमती निर्मला सहरिया किशनगंज, पूर्व जिलाध्यक्ष रामचरण मीणा, महासचिव डीसीसी पूरणमल नागर, लोकेश नागर, डीसीसी सचिव विनय मालव, ब्लॉक अध्यक्ष-भारतेन्द्र सिंह सिसोदिया अटरू, ओम सुमन मिर्जापुर अन्ता, धर्मेन्द्र यादव शाहबाद, अजीज नाजा किशनगंज, मनोज भार्गव छबड़ा, हेमन्त शर्मा छबडा, बारां नगर अध्यक्ष प्रशान्त भारद्वाज, नगर अध्यक्ष अन्ता ललित गालव, दिनेष नेनीवाल नगर अध्यक्ष अटरू, पूर्व प्रधान-सेवाराम मीणा किशनगंज, अजय सिंह अटरू, प्रदेश महासचिव सेवादल अशरफ देशवाली, नासिर मिर्जा, गिरिराज धाकड हानीहेडा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष बृजेश वर्मा, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष कशिष धाकड, एससी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष शिमला बैरवा, बृजराज मीणा बोरखेडी, नगर पालिकाध्यक्ष अन्ता प्रदीप नागर, सेवादल नगर अध्यक्ष रोहित गुर्जर, छात्र महासचिव साजिद खान, पार्षद-विजय पिपलानी, नवीन सोन, विजय बैरवा, ममता अहेडी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजनों ने भाग लिया।

Tags: