बारां: 70वीं जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता संपन्न, विजेता टीमें सम्मानित
बीमगंज वार्ड विद्यालय के तत्वावधान में आयोजित स्पर्धा में मॉडल स्कूल सीसवाली और हापाहेड़ी की टीमों ने विभिन्न वर्गों में कब्जा जमाया।
बारां में आयोजित हॉकी प्रतियोगिता के समापन अवसर पर ट्रॉफी के साथ खिलाड़ी और अतिथि।
बारां। 70वीं जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का समापन समारोह कोटा रोड स्थित निजी रिसोर्ट में आयोजित किया गया। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भीमगंज वार्ड के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विभिन्न वर्गों में विजेता एवं उपविजेता रही टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समारोह की मुख्य अतिथि ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मंजू चौरसिया रहीं। विशिष्ट अतिथि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोटा रोड के संस्था प्रधान कुलदीप शर्मा एवं महात्मा गांधी विद्यालय के संस्था प्रधान रामेश्वर नागर रहे। आयोजक संस्था प्रधान अश्वनी त्रिपाठी, इन्द्रराज शर्मा, हरिशंकर नागर, छगन जाटव, इन्द् चौरसिया, शेलेन्द्र मेहता, बलराम शर्मा, ललित मीणा आदि ने अतिथियों का तिलक एवं माल्यार्पण कर स्वागत किया।
इस अवसर पर अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से खिलाड़ियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आत्मविश्वास का विकास होता है। खिलाड़ी का आत्मविश्वास मजबूत होता है और वह हार से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ता है।
आयोजक विद्यालय की शारीरिक शिक्षक दीप्ति मदान ने प्रतियोगिता के आयोजन संबंधी जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता शारीरिक शिक्षा सुनील शर्मा ने किया। समारोह में खिलाड़ियों के साथ प्रतियोगिता में सेवाएं देने वाले निर्णायकों का भी अभिनंदन किया गया।
17 वर्ष छात्र वर्ग में मॉडल स्कूल सीसवाली ने प्रथम तथा एसएस इंटरनेशनल स्कूल बारां ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 17 वर्ष छात्रा वर्ग में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भीमगंज वार्ड प्रथम तथा राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय श्रीराम स्टेडियम द्वितीय रहा।
19 वर्ष छात्र वर्ग में पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय सीसवाली ने प्रथम तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। 19 वर्ष छात्रा वर्ग में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय हापाहेड़ी प्रथम तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय जलवाड़ा द्वितीय स्थान पर रहा।
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान कर उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। इस अवसर पर सेवानिवृत शारीरिक शिक्षिका संगीता गौतम व देहदान का संकल्प लेने वाली शारीरिक शिक्षा सुदर्शना दुबे का विशेष सम्मान किया गया।