तस्वीर में बारां नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन राजेंद्र भूमल्या नजर आ रहे हैं।

बारां नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजेंद्र भूमल्या के आकस्मिक निधन से समूचे वाल्मीकि समाज और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। उनके निधन की सूचना के बाद शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाने के लिए कांग्रेस के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे तथा भूमल्या के निधन पर दुख व्यक्त किया।

पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं अंता विधायक प्रमोद जैन भाया ने राजेंद्र भूमल्या के सरल व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि वह अत्यंत सहज व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने कहा कि अनुशासन के मामले में उनका कोई सानी नहीं था। भाया के अनुसार पूर्व चेयरमैन राजेंद्र भूमल्या विकास की सोच रखते हुए आमजन के लिए हमेशा सहज उपलब्ध रहे।

जिला प्रमुख उर्मिला जैन ने भी राजेंद्र भूमल्या के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी क्षति अपूरणीय रहेगी।

कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष हंसराज मीणा उदपुरिया, बारां के पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल, शहर अध्यक्ष प्रशांत भारद्वाज, पूर्व उपसभापति नरेश गोयल पैंतरा, जिला संगठन मंत्री कैलाश जैन सहित कांग्रेस के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भूमल्या के आकस्मिक निधन पर दुख प्रकट किया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजेंद्र भूमल्या हमेशा कर्तव्यनिष्ठ रहते हुए एक सजग सिपाही की तरह पार्टी की सेवा करते रहे। कांग्रेस पार्टी और संगठन उनके किए गए प्रयासों को आगे बढ़ाने के संकल्प को अवश्य दोहराएंगे। राजेंद्र भूमल्या के निधन से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और वाल्मीकि समाज में शोक की स्थिति बनी हुई है।

Tags: