केसरिया, सफेद और हरे रंग की पट्टियों पर बना भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का चुनाव चिह्न हाथ का पंजा दिखाई दे रहा है।   

बारां में कांग्रेस के ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान को लेकर 29 नवम्बर, 2026 को जिला कांग्रेस कार्यालय में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा नियुक्त अभियान प्रभारी एवं इंदौर के पूर्व विधायक सत्यनारायण पटेल बैठक में शामिल होकर अभियान की तैयारियों और बूथ स्तर पर इसके क्रियान्वयन की समीक्षा करेंगे।

कांग्रेस जिला संगठन महामंत्री कैलाश जैन ने बताया कि रविवार, 29 नवम्बर, 2026 को दोपहर 2 बजे जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, बारां में यह बैठक होगी। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविन्द सिंह डोटासरा द्वारा 16 नवम्बर, 2026 को जारी परिपत्र के संदर्भ में आयोजित बैठक में ‘वोट बचाओ-देश बचाओ’ अभियान की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों, वोट रक्षक अभियान और मतदाता सूचियों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही बूथ स्तर पर अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी विचार-विमर्श होगा।

बैठक में जिला प्रमुख श्रीमती उर्मिला जैन भाया, बारां-अटरू के पूर्व विधायक पानाचन्द मेघवाल, किशनगंज की पूर्व विधायक श्रीमती निर्मला सहरिया और छबड़ा के पूर्व विधायक करणसिंह राठौड़ शामिल होंगे। इनके अलावा जिला कांग्रेस कार्यकारिणी के समस्त पदाधिकारी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, नगर कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, बीएलए-2, जनप्रतिनिधि, अग्रिम संगठनों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी तथा कांग्रेसजन भी बैठक में भाग लेंगे।

बैठक के दौरान अभियान प्रभारी सत्यनारायण पटेल कांग्रेस संगठन के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अभियान की प्रगति, मतदाता सूचियों के परीक्षण तथा बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता को लेकर चर्चा करेंगे। इसके साथ ही आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विचार कर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए जाएंगे।

जिला कांग्रेस कमेटी बारां ने सभी संबंधित पदाधिकारियों, बीएलए-2 और कांग्रेसजनों से निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होने का अनुरोध किया है। बैठक में अभियान की आगामी रणनीति और बूथ स्तर पर संगठनात्मक तैयारियों को लेकर दिशा तय की जाएगी।

Tags: