राज्य स्तरीय वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता के दौरान पदक के साथ बारां की खिलाड़ी सूर्ययाशी शर्मा और पदाधिकारी नजर आ रहे हैं।   

बारां। जयपुर में आयोजित 28वीं राज्य स्तरीय सब जूनियर यूथ बालक-बालिका वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में बारां जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो सिल्वर मेडल अपने नाम किए। प्रतियोगिता में सूर्ययाशी शर्मा और कनिष्क कुनाल ने अपनी-अपनी स्पर्धाओं में रजत पदक जीतकर जिले का प्रतिनिधित्व किया।

जिला वेटलिफ्टिंग संघ के अध्यक्ष जगदीश शर्मा आरके ने बताया कि जयपुर में चल रही राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बारां की खेलो इंडिया एसमिता की खिलाड़ी सूर्ययाशी शर्मा ने स्नैच में 47 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 56 किलोग्राम सहित कुल 103 किलोग्राम भार उठाया। इस प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने सिल्वर मेडल हासिल किया।

वहीं, कनिष्क कुनाल ने स्नैच में 70 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 95 किलोग्राम सहित कुल 165 किलोग्राम भार उठाकर सिल्वर मेडल जीता। दोनों खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से बारां जिले को राज्य स्तर पर गौरव मिला है।

संगम के सचिव उमेश अग्रवाल ओमी एवं कोषाध्यक्ष पांचूलाल केदहेड़ी ने बताया कि दोनों खिलाड़ी भरतपुर वेटलिफ्टिंग अकादमी में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। अकादमी में प्रशिक्षण के दौरान हासिल की गई तैयारी के दम पर दोनों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर बारां जिले को गौरवान्वित किया।

खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिला खेल अधिकारी विशाल सिंह, राजस्थान वेटलिफ्टिंग संघ के जॉइंट सेक्रेटरी कुशल पाल प्रजापति, ओलंपिक संघ के अध्यक्ष हरि नारायण सिंह, पावरलिफ्टिंग से गौतम व धर्मेंद्र यादव, शाहाबाद फुटबॉल संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल मथोडिया, वेटलिफ्टिंग से दीप्ति मदान और सोनिया अंदलक्खा, हैंडबॉल संघ के दक्षराज सिंह, वालीबाल संघ के चंद्र प्रकाश राठौड़ तथा थ्रोबॉल संघ के अरविंद भारद्वाज व आदर्श प्रजापति सहित अन्य लोगों ने मेडल विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सचिन ओमनी ने बताया कि बारां लौटने पर दोनों पदक विजेता खिलाड़ियों के सम्मान में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित किया जाएगा।

Tags: