बारां के सभी 60 वार्डों में विकास कार्यों की तैयारी, अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर
| बारां नगर परिषद के नए बोर्ड ने सभी 60 वार्डों में विकास कार्य करवाने और अतिक्रमण हटाने की तैयारी की है। कमल राठौर ने दिसंबर के प्रथम सप्ताह से धन्यवाद यात्रा शुरू करने और विरोध करने वालों पर राजनीतिक हमला बोलने की बात कही।
बारां नगर परिषद भवन में पत्रकार वार्ता के दौरान बैठे और खड़े जनप्रतिनिधि दिख रहे हैं।
बारां। बारां नगर परिषद के नए बोर्ड ने शहर के सभी 60 वार्डों में विकास कार्य करवाने और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने का ऐलान किया है। पूर्व सभापति एवं थर्ड फ्रंट सुप्रीमो कमल राठौर ने बारां की जनता के प्रति आभार जताते हुए बताया कि दिसंबर के प्रथम सप्ताह से थर्ड फ्रंट की ओर से धन्यवाद यात्रा शुरू की जाएगी। इस दौरान पार्षद और बोर्ड के प्रतिनिधि वार्डों में पहुंचकर आमजन की समस्याएं सुनेंगे और उनके समाधान के लिए प्रयास करेंगे। राठौर ने स्पष्ट किया कि शहर के विकास में बाधा डालने वालों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वहीं, उपसभापति तेजस सुमन ने कहा कि विकास कार्यों के मुद्दे पर बोर्ड कोई समझौता नहीं करेगा।
नगर परिषद भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कमल राठौर ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि बोर्ड की पहली ही बैठक में शहर के विकास से जुड़े 16 अनुमोदित मुद्दों का विरोध कर दोनों दलों ने अपनी नकारात्मक सोच उजागर कर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि ये राजनीतिक दल वर्षों तक शहर का विकास नहीं करवा पाए और अब नए बोर्ड की विकास योजनाओं को भी स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।
राठौर ने कहा कि नगर परिषद बोर्ड ने सभी वार्डों में विकास कार्य करवाने के लिए टेंडर जारी किए हैं, लेकिन इन कार्यों में भी अड़ंगे लगाने का प्रयास किया जा रहा है। विकास के नए टेंडर रुकवाने के लिए जिला कलेक्टर को ज्ञापन देना इसी मानसिकता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि अच्छा हुआ कि विरोध करने वालों की नकारात्मक सोच जनता के सामने आ गई। राजनीतिक स्तर पर तमाम बाधाओं के बावजूद नगर परिषद का नया बोर्ड विकास की रफ्तार नहीं रुकने देगा।
उन्होंने कहा कि जनता के आशीर्वाद से बनी परिषद शहर की तस्वीर बदलने के संकल्प के साथ काम करेगी। बारां को विकसित शहर बनाने की परिकल्पना को साकार किया जाएगा। उन्होंने शहरवासियों को भरोसा दिलाया कि यह बोर्ड जनता का बोर्ड है और बारां तथा यहां के लोगों के हित में ऐतिहासिक कार्य करेगा।
राठौर ने बताया कि दिसंबर के प्रथम सप्ताह से सभी 60 वार्डों में धन्यवाद यात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान पार्षद और बोर्ड के प्रतिनिधि वार्डवासियों के बीच पहुंचेंगे। उनकी समस्याएं सुनकर उनके निराकरण के लिए सार्थक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जनता ने जिस भरोसे के साथ बोर्ड को जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरना उनकी प्राथमिकता है।
शहर की बदहाल यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण को बड़ी समस्या बताते हुए राठौर ने कहा कि अतिक्रमण के कारण शहर की सड़कें और सार्वजनिक स्थान प्रभावित हो रहे हैं। इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए नगर परिषद की ओर से विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करवाई जा रही है। डीपीआर का काम पूरा होते ही शहर में अतिक्रमण विरोधी अभियान शुरू किया जाएगा।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण करने वाला व्यक्ति चाहे कितना ही रसूखदार, राजनेता या बाहुबली क्यों न हो, कार्रवाई से बच नहीं पाएगा। परिषद शहर को अतिक्रमण मुक्त और सुंदर बनाने के लिए कठोर कदम उठाएगी।
भाजपा और कांग्रेस पर राजनीतिक हमले जारी रखते हुए राठौर ने कहा कि दोनों दलों के नेता शहर के विकास कार्यों का विरोध कर रहे हैं। विवेकानंद सर्किल और चारर्मूर्ति चौराहे के जीर्णोद्धार जैसे कार्य भी कुछ नेताओं को रास नहीं आ रहे हैं। इन कार्यों को लेकर शिकायत करना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसी नकारात्मक मानसिकता वाले नेताओं के कारण ही भाजपा की यह दुर्दशा हुई है।
राठौर ने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ नेता पूर्व मंत्री प्रमोद जैन भाया और पूर्व विधायक पानाचंद मेघवाल के इशारों पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेता प्रमोद भाया पर सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी आईडी बनवाकर आमजन को भ्रमित करने का प्रयास करने का आरोप भी लगाया। राठौर के अनुसार, इस तरह जनता के बीच अव्यवस्था फैलाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि फर्जी आईडी और असामाजिक तत्वों के अलावा अब इन कांग्रेस और नकली भाजपा नेताओं के पास कुछ नहीं बचा है।
उन्होंने आमजन से जागरूक रहने और विकास कार्यों के समर्थन तथा विरोध के पीछे की वास्तविकता समझने की अपील की। साथ ही कहा कि लोगों को यह समझना होगा कि बारां के विकास में बाधा डालने वालों को किस तरह जवाब देना है।
उपसभापति तेजस सुमन ने कहा कि शहर का विकास नए बोर्ड की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विकास कार्यों के मामले में किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। पत्रकार वार्ता में पूर्व सभापति कमल राठौर, उपसभापति तेजस सुमन, हितेश प्रजापति, नीरज नागर, रविंद्र वेरवा, गिरीश मेहरा, अंकित मीणा, ऋषि सोन सहित थर्ड फ्रंट के अन्य पार्षद मौजूद रहे।