बारां जिले में पेंशनर्स के जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन जमा कराने की अंतिम तारीख 30 नवंबर नजदीक आने के साथ ही अधिकारियों ने पेंशनर्स की मदद के लिए पहल की है। जिले के सिविल एवं पारिवारिक पेंशनर्स की कुल संख्या 7500 है। ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी के अभाव में विशेषकर पारिवारिक पेंशनर्स अब तक अपने जीवन प्रमाण पत्र जमा नहीं करा सके हैं। ऐसे में अधिकारियों ने अपनी एसएसओ आईडी के माध्यम से प्रमाण पत्र प्रस्तुत कराने की मुहिम शुरू की है।

पेंशनर समाज के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता ने बताया कि राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारी संजय कुमार गर्ग, भानु प्रकाश शर्मा और अनुभा शर्मा पेंशनर्स एवं पेंशनर समाज के माध्यम से स्वयं की एसएसओ आईडी से जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत कराने में सहयोग कर रहे हैं। इन अधिकारियों की पहल से अब तक 700 सिविल एवं पारिवारिक पेंशनर्स के जीवन प्रमाण पत्र प्रस्तुत किए जा चुके हैं।

पेंशनर समाज के जिला प्रवक्ता ओमप्रकाश गुप्ता ने बताया कि जिले में अब तक 5616 पेंशनर्स के जीवन प्रमाण पत्र अपलोड किए जा चुके हैं। इनकी सूची राजस्थान के पेंशनर्स समाज जिला बारां के ग्रुप में भी साझा कर दी गई है।

वहीं, जिला मंत्री भेरुलाल जैन ने बताया कि पेंशनर्स के जीवन प्रमाण पत्र के फॉर्मेट अपनी एसएसओ आईडी से भेजने में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रथम तीन अधिकारियों को पेंशनर्स समाज के जिला अधिवेशन में सम्मानित किया जाएगा।

जिला अधिवेशन के आयोजन में रमेश चंद शर्मा, राजेंद्र दाधीच, रामधन नागर, जयनारायण शर्मा और रामेश्वर प्रसाद भी सहयोग कर रहे हैं। 30 नवंबर तक जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन जमा कराने की समय सीमा को देखते हुए अधिकारियों की यह पहल जिले के पेंशनर्स के लिए महत्वपूर्ण साबित हो रही है।

Tags: