बारां के राजकीय मेडिकल कॉलेज परिसर में सफेद कोट पहने विद्यार्थी मतदान की शपथ लेते दिख रहे हैं।   

बारां में संविधान दिवस के अवसर पर युवाओं को मतदान के अधिकार और मतदाता पंजीयन के प्रति जागरूक करने के लिए राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय में विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। राज्य निर्वाचन विभाग के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए मतदान के साथ शत-प्रतिशत मतदाता पंजीयन का संकल्प लिया। इस दौरान ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण भी किया गया।

जिलेभर के शैक्षणिक संस्थानों में आयोजित मतदाता जागरूकता गतिविधियों की कड़ी में गुरुवार को राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय, बारां में स्वीप कार्यक्रम हुआ। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलक्टर बालमुकुंद असावा तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं स्वीप नोडल अधिकारी शिवेंद्र प्रताप के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सी.पी. मीणा ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय के साथ अपने अधिकारों का उपयोग करने का अवसर प्रदान करता है। मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण ताकत है। संविधान की मूल भावना को आत्मसात करते हुए प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार के प्रति जागरूक रहना चाहिए। मतदान केवल अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र के प्रति महत्वपूर्ण जिम्मेदारी भी है। युवाओं को संविधान के आदर्शों का पालन करते हुए जागरूक नागरिक के रूप में समाज में सकारात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम में सह प्रभारी स्वीप अमित भार्गव ने विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को मतदान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में पंजीकृत होना और निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाना आवश्यक है। उन्होंने बिना किसी भय, दबाव, भेदभाव अथवा प्रलोभन के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान करने की अपील की।

अमित भार्गव ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम (SSR-2027) की जानकारी देते हुए कहा कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने युवाओं से अपने परिवार, मित्रों और आसपास के पात्र नागरिकों को भी मतदाता पंजीयन के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ईसीआई नेट ऐप की उपयोगिता और निर्वाचन संबंधी ऑनलाइन सेवाओं की जानकारी दी गई। उनके मोबाइल फोन में ऐप डाउनलोड करवाकर मतदाता सूची में नाम तलाशने, मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त करने और नए मतदाता के रूप में ऑनलाइन पंजीयन की प्रक्रिया समझाई गई। विद्यार्थियों को फॉर्म-6 के माध्यम से नया मतदाता पंजीयन कराने तथा फॉर्म-8 के जरिए मतदाता पहचान पत्र में आवश्यक संशोधन करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।

उन्हें बताया गया कि जनवरी, अप्रैल, जुलाई एवं अक्टूबर की पहली तारीख को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र युवा मतदाता सूची में पंजीयन के लिए आवेदन कर सकते हैं।

इस अवसर पर ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ अभियान के तहत स्वीप सह प्रभारी अमित भार्गव एवं छात्रावास अधीक्षक डॉ. विशाल नागर ने पौधरोपण किया। विद्यार्थियों ने भी पौधे लगाए और उनकी नियमित देखभाल के साथ पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम में डॉ. पूजा मीणा, डॉ. अंकुश असोपा, डॉ. मनोज गर्ग सहित महाविद्यालय के संकाय सदस्य और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान द्वारा प्रदत्त मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करना और नैतिक एवं स्वतंत्र मतदान के महत्व से अवगत कराना रहा। इसके साथ ही युवाओं में लोकतांत्रिक मूल्यों, संवैधानिक दायित्वों और निर्वाचन प्रक्रिया की समझ विकसित करने पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों को स्वयं मतदाता सूची में पंजीयन कराने तथा अन्य पात्र नागरिकों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया, ताकि युवा जागरूक, जिम्मेदार और सक्रिय मतदाता के रूप में लोकतंत्र को सशक्त बनाने में भागीदारी निभा सकें।

Tags: