बारां में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने के लिए कलेक्टर असावा सख्त, हाईवे से गड्ढे और अतिक्रमण हटाने के निर्देश
| बारां में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। एनएच-27 और एनएच-752 पर गड्ढों, ब्लैक स्पॉट्स, अवैध पार्किंग और अतिक्रमण पर कार्रवाई के साथ वाहनों की जांच का विशेष अभियान चलाने को कहा।
जिला कलेक्ट्रेट सभागार बारां में सड़क सुरक्षा बैठक के दौरान अधिकारी चर्चा करते दिख रहे हैं।
बारां में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा के उपायों पर तेजी से अमल करने के निर्देश दिए हैं। जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा के नाम पर केवल कागजी कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि धरातल पर ठोस सुधार सुनिश्चित करने होंगे।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसमें परिवहन विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), आरएसआरडीसी और यातायात पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। बैठक में कलेक्टर ने सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए संबंधित विभागों को कड़े निर्देश दिए।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि हाईवे पर एक भी गड्ढा नहीं रहना चाहिए। सड़क किनारे उगी झाड़ियों को तत्काल हटाया जाए, ताकि वाहन चालकों को पर्याप्त दृश्यता मिल सके। उन्होंने एनएच-27 और एनएच-752 पर उचित प्रकाश व्यवस्था करने, चिह्नित ब्लैक स्पॉट्स में तत्काल सुधार करने, राजमार्गों से आवारा पशुओं को हटाने और गलत दिशा में पार्किंग पर सख्ती से रोक लगाने को कहा।
वाहन चालकों को आपात स्थिति में चिकित्सा सुविधा की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए हाईवे पर नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और ट्रॉमा सेंटर के सूचना बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए। इसके अलावा राजमार्गों पर सुरक्षा मानकों की नियमित निगरानी के लिए एनएचएआई, पुलिस और जिला परिवहन अधिकारी को शामिल करते हुए संयुक्त हाईवे निरीक्षण दल गठित करने को कहा गया।
कोहरे और रात के समय होने वाली सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कलेक्टर ने सभी वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। परिवहन और पुलिस विभाग को स्कूल बसों के साथ ही स्कूली बच्चों को लाने-ले जाने वाले ऑटो और वैन का सघन निरीक्षण करने को कहा गया। सड़क सुरक्षा मानकों का उल्लंघन मिलने पर चालान करने तथा अवैध वाहनों, ओवरलोड वाहनों और बिना रिफ्लेक्टर चलने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए जिला परिवहन अधिकारी (डीटीओ), नगर परिषद आयुक्त और यातायात पुलिस को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के लिए निर्देशित किया गया। इसके तहत निजी बसों के अनधिकृत ठहराव, भारी वाहनों की आवाजाही, मुख्य बाजारों में अवैध पार्किंग, दुकानों के बाहर रखे सामान और अतिक्रमण पर कार्रवाई करने को कहा गया। विशेष रूप से झालावाड़ आरओबी के आसपास खड़े अवैध वाहनों और ठेलों को हटाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला कलेक्टर असावा ने पिछले एक माह में सुरक्षित सड़क परिवहन के लिए किए गए कार्यों की विस्तृत रिपोर्ट भी मांगी। उन्होंने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस से गत माह किए गए चालानों का विवरण लिया। साथ ही एनएचएआई द्वारा राजमार्गों पर अवैध ढाबों, कब्जों, निर्माण, अवैध कट और अतिक्रमण को चिह्नित करने के बाद की गई कार्रवाई की समीक्षा की।
कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि राष्ट्रीय राजमार्गों और शहरी सड़कों पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के साथ यातायात व्यवस्था में सुधार किया जा सके।