बारां कोतवाली पुलिस टीम की हिरासत में युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में गिरफ्तार 12 आरोपी बैठे दिख रहे हैं।

राजस्थान के बारां में युवक पर लाठी-डंडों, सरियों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। पुलिस ने 25 नवंबर 2026 को आरोपियों को गिरफ्तार किया। फिलहाल उनसे घटना के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है।

बारां पुलिस अधीक्षक अभिषेक अडसूला ने बताया कि 6 अक्टूबर 2026 को परिवादी श्री किक मेघवाल, पुत्र घनश्याम मेघवाल, निवासी बारां, जिला बारां ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि 5 अक्टूबर 2026 को रात करीब 8:30 बजे वह करबला में अपने दोस्त अंकित से मिलने गया था। इस दौरान उसे कुछ लोगों के बीच विवाद और शोर सुनाई दिया। उसने मौके पर पहुंचकर समझाइश करने का प्रयास किया। इसके बाद वह वहां से चला गया।

परिवादी के अनुसार, रात करीब 12:30 बजे उसका दोस्त फिर से फोन पर संपर्क में आया। इसके बाद वह अंबेडकर सर्किल के पास पहुंचा। वहां उसने अपने दोस्त से घटना के संबंध में बातचीत की। कुछ देर बाद दोबारा फोन आने पर उसका दोस्त घटनास्थल पर पहुंचा। इस दौरान दोस्त के छोटे भाई रुद्रांश ने बताया कि वह घायल हो गया है। इसके बाद परिवादी अपने साथियों के साथ मौके पर पहुंचा।

आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने एकराय होकर परिवादी और उसके साथियों पर लाठी-डंडों, सरियों और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में परिवादी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण संख्या 607/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुरेंद्र सिंह के निर्देशन में बारां के पुलिस उपाधीक्षक श्री रोहिताश्व दांदड़ा तथा कोतवाली थाना अधिकारी श्री हरि पुनिया के नेतृत्व में थाना स्तर पर विशेष टीम गठित की गई। टीम ने मामले की जांच करते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की।

पुलिस टीम ने 25 नवंबर 2026 को मामले में शामिल 12 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में आकाश, राहुल, महेश, नीरज, दीपक, हिमेश, ललित, मयंक उर्फ मन्नू, मनीष उर्फ सोनू, ताशु, पीयूष उर्फ खन्नू और अनीश शामिल हैं। आरोपियों में बारां जिले के निवासी युवकों के साथ कोटा शहर क्षेत्र के निवासी भी शामिल बताए गए हैं। पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपियों से घटना के संबंध में गहन अनुसंधान और पूछताछ की जा रही है।

इस कार्रवाई में कोतवाली थाना अधिकारी हरि पुनिया, थाना स्टाफ के खमर, अशोक और यादराम सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्यों की भूमिका रही। पुलिस मामले से जुड़े घटनाक्रम और आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

Tags: