उदयपुर पुलिस ने एनडीपीएस मामले का वांछित आरोपी किया गिरफ्तार
खैरोदा थाना पुलिस और डीएसटी ने प्रतापगढ़ से की कार्रवाई, एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से था फरार
उदयपुर जिला पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से वांछित आरोपी जावेद खान को प्रतापगढ़ जिले से गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई युवाओं को नशे से बचाने और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष ‘जागृति अभियान’ के तहत की गई।
उदयपुर जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (खेरवाड़ा) रजत बिश्नोई और वृताधिकारी (वल्लभनगर) श्रवणदास संत के सुपरविजन में खैरोदा थाना पुलिस और जिला विशेष टीम ने संयुक्त रूप से आरोपी की तलाश की।
खैरोदा थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार के नेतृत्व में पुलिस टीम और डीएसटी उदयपुर ने आसूचना तथा तकनीकी सहायता के आधार पर कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने खैरोदा थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 30/2025 में वांछित जावेद खान को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 और 8/29 के तहत मामला दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान जावेद खान पुत्र हाजर खान उर्फ बच्चू खान, निवासी साकरिया, थाना रठाजना, जिला प्रतापगढ़ के रूप में हुई है। आरोपी इस प्रकरण में लंबे समय से वांछित था। गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे मादक पदार्थों की तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य तारों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
इस संयुक्त कार्रवाई में खैरोदा थाना टीम से थानाधिकारी परमेश्वर पाटीदार, कांस्टेबल गणेशाराम (1048) और कांस्टेबल ओमप्रकाश (1916) शामिल रहे। वहीं, जिला विशेष टीम और साइबर सेल की ओर से पुलिस निरीक्षक रतनसिंह (प्रभारी डीएसटी), हेड कांस्टेबल मुस्ताक खान (57), कांस्टेबल दुर्गेश कुमार (190), कांस्टेबल गणपतसिंह (1375), कांस्टेबल विरेन्द्र (812) तथा साइबर सेल के हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह (2014) ने कार्रवाई में भूमिका निभाई।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब जांच का फोकस मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े अन्य संपर्कों का पता लगाने पर है। ‘जागृति अभियान’ के तहत की गई यह गिरफ्तारी अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में वांछित आरोपियों की धरपकड़ की दिशा में की गई कार्रवाई का हिस्सा है।